भीड़-भाड़ से दूर! सुकून भरे पलों के लिए घूम आएं भारत की ये 7 जगहें
भीड़-भाड़ से दूर! सुकून भरे पलों के लिए घूम आएं भारत की ये 7 जगहें

Offbeat Hill Stations in India: गर्मियों के मौसम में ज्यादातर लोग शिमला और मनाली जैसे मशहूर हिल स्टेशनों का रुख करते हैं. लेकिन यहां की भीड़ और ट्रैफिक कई बार घूमने का मजा किरकिरा कर देते हैं. ऐसे में अगर आप भीड़-भाड़ से दूर किसी शांत और खूबसूरत जगह की तलाश में हैं तो भारत के ये ऑफबीट हिल स्टेशन आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन साबित हो सकते हैं. यहां आपको हरियाली, पहाड़ों के शानदार नजारे और भीड़-भाड़ से दूर सुकून भरा माहौल देखने को मिलेगा.
हिमाचल प्रदेश का तीर्थन वैली हिमाचल प्रदेश की तीर्थन वैली नेचर लवर्स के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है. यहाँ बहती तीर्थन नदी, हरे-भरे जंगल और शांत वातावरण पर्यटकों को खूब पसंद आते हैं. यहां आप ट्राउट फिशिंग, कैंपिंग और जंगल ट्रेल्स का आनंद भी ले सकते हैं.
उत्तराखंड का चौकोरी (Chaukori) उत्तराखंड की चौकोरी अपनी शांति और हिमालय के शानदार नजारों के लिए जाना जाता है. यहां फैले चाय के बागान और चीड़ के जंगल इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं. अगर आप शहर की भागदौड़ से दूर कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं तो चौकोरी एक बेहतरीन ऑप्शन है.
हिमाचल प्रदेश का जिभी (Jibhi) जिभी हिमाचल का एक खूबसूरत और शांत गांव है जो अपनी लकड़ी की कॉटेज, सेब के बागों और घने जंगलों के लिए मशहूर है. यहां का शांत माहौल और पहाड़ों के मनमोहक दृश्य पर्यटकों को बार-बार यहां आने के लिए मजबूर कर देते हैं.
हिमाचल प्रदेश का मशोबरा (Mashobra) शिमला के पास स्थित मशोबरा अपनी हरियाली और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है. यहां देवदार, ओक और चीड़ के घने जंगल देखने को मिलते हैं. यह जगह उन लोगों के लिए परफेक्ट है जो नेचर के करीब समय बिताना चाहते हैं.
असम का हाफलोंग (Haflong) असम का हाफलोंग राज्य का एकमात्र हिल स्टेशन है. खूबसूरत झीलें, लहराते चाय बागान और आसपास की जनजातीय संस्कृति इस जगह को खास बनाती है. प्रकृति और संस्कृति का अनोखा संगम देखने के लिए यह एक शानदार डेस्टिनेशन है.
उत्तराखंड का मुनस्यारी (Munsiyari) कुमाऊं हिमालय में बसा मुनस्यारी अपने खूबसूरत पहाड़ों और शांत माहौल के लिए जाना जाता है. सर्दियों में यहां की वादियां स्विट्जरलैंड जैसी दिखाई देती हैं. ट्रेकिंग, तारों भरा आसमान और लंबी सैर पसंद करने वालों के लिए यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है.
तमिलनाडु का यरकौड (Yercaud) तमिलनाडु की शेवरॉय पहाड़ियों में बसा यरकौड अपनी कॉफी प्लांटेशन, प्राकृतिक झील और खूबसूरत व्यू पॉइंट्स के लिए जाना जाता है. यहां सालभर सुहावना मौसम रहता है जो इसे छुट्टियां बिताने के लिए एक आदर्श स्थान बनाता है.
अगर आप इस बार छुट्टियों में भीड़-भाड़ से दूर सुकून और प्रकृति के बीच समय बिताना चाहते हैं तो इन ऑफबीट हिल स्टेशनों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें.
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें