गिल की एक 'ना' और रोहित की पारी खत्म, 'हिटमैन' गुस्से में लौटे पवेलियन

खेल

गिल की एक 'ना' और रोहित की पारी खत्म, 'हिटमैन' गुस्से में लौटे पवेलियन

14 जून 2026 को 06:00 am बजे
गिल की एक 'ना' और रोहित की पारी खत्म, 'हिटमैन' गुस्से में लौटे पवेलियन

भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार (13 जून) को धर्मशाला में खेले गए वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में ऐसा पल देखने को मिला, जिसने करोड़ों भारतीय फैन्स को निराश कर दिया. शानदार लय में दिख रहे रोहित शर्मा कप्तान शुभमन गिल के साथ गलतफहमी का शिकार हुए और रन आउट होकर पवेलियन लौट गए.

बारिश से प्रभावित 25-25 ओवर के मुकाबले में भारत को 195 रनों का लक्ष्य मिला था. रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने टीम को सधी हुई शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 46 रन जोड़ दिए. दोनों बल्लेबाज आसानी से रन बना रहे थे और अफगानी गेंदबाजों पर दबाव बढ़ा रहे थे.

यह भी पढ़ें: शुभमन गिल की कप्तानी पारी... धर्मशाला वनडे में भारत ने अफगानिस्तान को हराया

भारत की पारी के छठे ओवर में यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई. युवा स्पिनर अल्लाह गजनफर की गेंद को रोहित शर्मा ने मिडविकेट की ओर खेला और तेजी से सिंगल के लिए दौड़ पड़े. शुभमन गिल ने भी शुरुआत में रन लेने की हामी भरी, लेकिन कुछ कदम आगे बढ़ने के बाद अचानक रोहित को वापस भेज दिया. तब तक रोहित काफी आगे निकल चुके थे और उनके पास लौटने का बहुत कम समय बचा था.

रोहित शर्मा ने पूरी ताकत लगाकर क्रीज में लौटने की कोशिश की, लेकिन अफगानिस्तान ने कोई गलती नहीं की. राशिद खान ने फुर्ती दिखाते हुए गेंद विकेटकीपर तक पहुंचाई और गिल्लियां बिखेर दीं. थर्ड अंपायर ने फैसले की समीक्षा की, लेकिन रोहित को पता था कि वह आउट हैं. यही वजह रही कि रिप्ले आने से पहले ही उन्होंने पवेलियन की राह पकड़ ली. रोहित पवेलियन लौटते समय थोड़े नाराज भी दिखे.

16 रन बनाकर आउट हुए रोहित शर्मा की निराशा उनके चेहरे पर साफ दिखाई दे रही थी. दूसरी ओर कप्तान शुभमन गिल भी खुद से नाराज नजर आए. आसान रन लेने की कोशिश में भारत ने एक सेट बल्लेबाज का विकेट गंवा दिया, जिससे अफगानिस्तान को मुकाबले में वापसी का थोड़ा मौका मिला. हालांकि भारत ने आगे चलकर इस मुकाबले को सात विकेट से जीता, लेकिन इस रन आउट को पूरी तरह से टाला जा सकता था.

रोहित शर्मा भले ही बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन यह मुकाबला उनके लिए ऐतिहासिक साबित हुआ. 39 साल और 44 दिन की उम्र में मैदान पर उतरते ही वह भारत के लिए वनडे इंटरनेशनल खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए, उन्होंने 1983 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे मोहिंदर अमरनाथ का लगभग 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया.

मोहिंदर अमरनाथ ने 1989 में 39 साल और 36 दिन की उम्र में अपना आखिरी वनडे इंटरनेशनल मुकाबला खेला था. इस मैच में रोहित शर्मा ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की. वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ओपनर के तौर पर भारतीय टीम के लिए 16000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज भी बने.

शेयर करें
हिंदी खबर नेटवर्क पर पढ़ें ताज़ा हिंदी समाचार।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Hyderabad News: 58 हजार करोड़ से बदलेगी मूसी नदी की सूरत, लंदन की टेम्स की तर्ज पर बनेगा रिवरफ्रंट

बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: पहले दिन 100 करोड़ पार 'टॉक्सिक', शाहरुख और रणवीर सिंह की इन फिल्मों का तोड़ डाला रिकॉर्ड

Toxic Box Office Collection Day 1: यश की टॉक्सिक ने पहले दिन कमाए 140 करोड़, जवान और एनिमल को छोड़ा पीछे