बेकार पड़ी कोल्ड ड्रिंक की बोतल से बनाएं ये काम की चीजें, हर कोई पूछेगा बनाने का तरीका
बेकार पड़ी कोल्ड ड्रिंक की बोतल से बनाएं ये काम की चीजें, हर कोई पूछेगा बनाने का तरीका

हमारे घरों में कोल्ड ड्रिंक, पानी या जूस की प्लास्टिक बोतलें रोज ही आती हैं. अक्सर हम इन्हें बेकार समझकर या तो डस्टबिन में फेंक देते हैं या फिर कबाड़ी वाले को दे देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि जिन बोतलों को आप कचरा समझते हैं, वे आपके घर को एक नया और खूबसूरत लुक दे सकती हैं? जी हां, 'वेस्ट से बेस्ट' (Best out of Waste) बनाना.
आजकल होम डेकोरेशन का ट्रेंड बहुत बदल गया है. लोग बाजार से महंगी चीजें खरीदने के बजाय घर पर खुद से बनाई गई चीजों यानी DIY को ज्यादा पसंद कर रहे हैं. प्लास्टिक बोतल क्राफ्ट एक ऐसा ही मजेदार तरीका है. आज हम आपको प्लास्टिक की खाली बोतलों से बनी कुछ ऐसी आसान और खूबसूरत चीजों के बारे में बता रहें है जिन्हें आप आसानी से बना सकते हैं.
प्लास्टिक की बोतल से क्या बनाएं-
1. बालकनी के लिए गार्डन-
अगर आपको गार्डनिंग का शौक है लेकिन घर में जगह कम है, तो प्लास्टिक की बोतलें आपके बहुत काम आ सकती हैं.
कैसे बनाएं- आपको ज्यादा कुछ नहीं करना है. कोल्ड ड्रिंक की 2 लीटर वाली बड़ी बोतलें लें. उनके बीच का एक हिस्सा काट लें ताकि उसमें मिट्टी भरी जा सके. इसे आप अपनी पसंद की डिजाइन में काट सकते हैं. बोतल के नीचे 1-2 छोटे छेद कर दें, जिससे एक्स्ट्रा पानी बाहर निकल सके. अब इन बोतलों को मनपसंद एक्रिलिक कलर से पेंट कर लें. इन बोतलों को एक मजबूत रस्सी या पतले तार की मदद से एक के नीचे एक बांधकर बालकनी की दीवार पर लटका दें. इसमें छोटे पौधे जैसे मनी प्लांट या फूल वाले पौधे लगा सकते हैं.
2. पेन-पेंसिल होल्डर-
अक्सर बच्चों की पढ़ाई की टेबल पर पेन, पेंसिल और कलर्स बिखरे रहते हैं. इन्हें समेटने के लिए आप एक बढ़िया होल्डर बना सकते हैं.
कैसे बनाएं- एक प्लास्टिक की बोतल को बीच से आधा काट लें, कटे हुए किनारे थोड़े नुकीले हो सकते हैं, इसलिए उन पर रंगीन कपड़े की पट्टी या सुंदर सी टेप चिपका दें. अब बोतल पर अपनी पसंद का कोई भी डिजाइन पेंट करें, या फिर उस पर ग्लिटर और स्टिकर लगा दें. इसमें आप अपने पेन, स्केच पेन, कैंची और ब्रश को आराम से रख सकते हैं.
3. कैंडल होल्डर-
अगर आप शाम के समय अपने कमरे या लिविंग रूम को एक रोमांटिक और शांत लुक देना चाहते हैं, तो यह आइडिया आपके लिए बेस्ट है.
कैसे बनाएं- बोतल के निचले हिस्से को काट लें. इस पर कांच के कलर या ग्लिटर से सुंदर डिजाइन बनाएं. इसके अंदर एक छोटी सी एलईडी लाइट या खुशबूदार मोमबत्ती रख दें. जब आप लाइट बंद करके इसे जलाएंगे, तो दीवारों पर इसकी रंग-बिरंगी रोशनी बहुत ही खूबसूरत लगेगी.
ये भी पढ़ें- बारिश के मौसम में लकड़ी के महंगे फर्नीचर को फंगस और सीलन से कैसे बचाएं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें