लखनऊ गैंगरेप: ऑटो से भाग रहे उपदेश लोधी उर्फ गहना का एनकाउंटर
लखनऊ गैंगरेप: ऑटो से भाग रहे उपदेश लोधी उर्फ गहना का एनकाउंटर

उत्तर प्रदेश की लखनऊ पुलिस ने मॉल में काम करने वाली युवती से सामूहिक दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी उपदेश लोधी उर्फ गहना को आधी रात को हुई एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगते ही शातिर बदमाश पुलिस के सामने गिड़गिड़ाने लगा.
आपको बता दें कि लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र के रामादेई खेड़ा मार्ग पर आधी रात को पुलिस और सर्विलांस टीम ने चेकिंग के दौरान मॉल कर्मी युवती से सामूहिक दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी उपदेश लोधी उर्फ गहना को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस को देखते ही ऑटो से भाग रहे 26 वर्षीय आरोपी का बैलेंस बिगड़ने से ऑटो पलट गया. खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग झोंक दी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की. इस मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और वह जमीन पर गिरकर माफी मांगने लगा.
बीती 31 मई की शाम को मॉल से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही 19 साल की युवती तेलीबाग चौराहे से उपदेश के ऑटो में बैठी थी. रास्ते में अन्य सवारियों के उतर जाने के बाद आरोपी और उसके साथी ने ऑटो को गौतमखेड़ा के सुनसान जंगलों की तरफ मोड़ दिया और युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. वारदात के दौरान सामने से आ रही एक कार की हेडलाइट देखकर आरोपी घबरा गए और पीड़िता को वहीं छोड़कर भाग निकले. डरी हुई युवती ने कार सवार से मदद मांगी और 1 जून को मुकदमा दर्ज कराया गया.
डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी उपदेश लोधी उर्फ गहना निगोहां के रंजीत खेड़ा का रहने वाला शातिर अपराधी है, जिस पर रायबरेली में भी हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है. मुठभेड़ के बाद घायल बदमाश को इलाज के लिए पीजीआई ट्रामा सेंटर भेजा गया है. पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ऑटो, एक अवैध देसी तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है. फिलहाल पुलिस वारदात में शामिल उसके फरार साथी की सरगर्मी से तलाश कर रही है.
📌 संबंधित खबरें
- आग लगी तो डरकर भाग गया... होटल के मालिक लवकेश बजाज का पुलिस के सामने खुलासा
- 1 अक्टूबर से PUC होगा जरूरी: NCR वालों को बिना Pollution Certificate नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, जानिए इसे कैसे बनवाएं और कितना आएगा खर्च
- 95 साल की दादी ने बचाई कई मरीजों की जान, मुजफ्फरपुर हॉस्पिटल अग्निकांड की 'मसीहा' ने बताया अंदर क्या कुछ हुआ?
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें