Kanpur News Live: कानपुर में आज कैसा रहेगा मौसम, IIT कानपुर कैसे दिल्ली परिवहन निगम की करेगा मदद
Kanpur News Live: कानपुर में आज कैसा रहेगा मौसम, IIT कानपुर कैसे दिल्ली परिवहन निगम की करेगा मदद

Kanpur News Updates Live: यूपी के बड़े शहरों में से एक कानपुर काफी चर्चाओं में रहता है. यहां राजनीतिक गतिविधियां भी होती रहती हैं. अपराधियों के खिलाफ भी पुलिस की कार्रवाई जारी रहती है. इसी वजह से आप अब कानपुर जिले से जुड़ी हर खबरों को एक ही जगह पर पढ़ सकते हैं. जैसे कि आपको बता दें कि मौसम विभाग ने कानपुर के मौसम को लेकर क्या पूर्वानुमान जताया है. आईआईटी कानपुर की मदद कैसे दिल्ली परिवन निगम अपने बस मैनेजमैंट को सुधारने के लिए ले रहा है. जानिए कानपुर से जुड़ा हर तरह का अपडेट...
नीट परीक्षा के लिए अभेद्य इंतजाम! 41 केंद्रों पर 'थ्री-लेयर' सुरक्षा और लाइव मॉनिटरिंग
नीट (NEET) परीक्षा को लेकर कानपुर जिला प्रशासन ने इस बार अभेद्य सुरक्षा का कड़ा इंतजाम किया है, ताकि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो. जिले के 41 परीक्षा केंद्रों पर थ्री-लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जहां परीक्षार्थियों को दो स्तर की पुलिस जांच और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन से गुजरना होगा. एडीसीपी महेश कुमार ने बताया कि सभी केंद्रों पर सघन चेकिंग और सीसीटीवी निगरानी की जा रही है, वहीं कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी. इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो सके.
कानपुर देहात में 'समाधान दिवस' पर भड़के DM, बोले- बेलगाम हैं अफसर और राजस्व कर्मी
कानपुर देहात के सिकंदरा तहसील में आयोजित ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ उस वक्त सुर्खियों में आ गया, जब जिलाधिकारी कपिल सिंह शिकायतें सुनते-सुनते अचानक भड़क उठे. अवैध कब्जे की गंभीर शिकायत सामने आते ही उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को आड़े हाथों लेते हुए साफ कहा कि वे पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं. डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इस दौरान एसपी भी मौके पर मौजूद रहे और दोनों अधिकारियों ने मिलकर जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए.
नगर आयुक्त सड़कों पर गंदगी देखकर भड़के, वेतन काटने के दिए आदेश
कानपुर नगर निगम के नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय द्वारा जोन-3 व 5 में चल रही नाला सफाई व शहर की सफाई व्यवस्था कैसी है इसको देखने के लिए आज अपने दलबल के साथ सड़कों पर आए. और शहर की मुख्य सड़कों -हैलट अस्पताल रोड, नरेन्द्र मोहन सेतु से फजलगंज, गोविन्द नगर पुराना पुल से चावला मार्केट, नन्द लाल चैराहा होते हुए रेलवे मैदान निराला नगर आदि स्थलों का निरीक्षण किया गया.
निरीक्षण के दौरान देवकी चैराहा से रावतपुर क्रासिंग तक काफी मात्रा में जगह-जगह गंदगी मिली और जगह सीएण्डडी वेस्ट भी पड़ा हुआ था. उन्होंने निर्देश दिया कि सफाई कार्य में लापरवाही बरतने पर सफाई पर्यवेक्षक विजय शंकर, सफाई कर्मचारी मीना पत्नी विमल, सुनील पुत्र सेवालाल का एक दिन का वेतन काटा जाए. साथ ही सीएण्डडी वेस्ट न उठाने के संबंध में आउटसोर्स अवर अभियन्ता प्रशान्त पाल का एक दिन का वेतन काटा जाएगा.
जाजमऊ में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान, 8600 लीटर कालातीत खाद्य सामग्री पकड़ी गई
कानपुर जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशों तथा आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के आदेशों के क्रम में कानपुर वासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने हेतु खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा निरंतर सघन अभियान चलाया जा रहा है. कानपुर नगर के जाजमऊ स्थित विशाल भारत इंडस्ट्री का निरीक्षण किया गया, जिसके खाद्य कारोबारकर्ता तौकीर कमाल अंसारी हैं. निरीक्षण के दौरान परिसर में भारी मात्रा में एक्सपायर्ड सिरप, क्रश, शरबत एवं सॉस भंडारित पाए गए. निरीक्षण के समय मौजूद व्यक्ति मौके से फरार हो गए. इसके बाद लगभग 8600 लीटर खाद्य सामग्री बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹2,32,200 है. बाद में इसे नगर निगम के डंपिंग ग्राउंड में विधिवत नष्ट किया.
Kanpur Hindi News: कानपुर-लखनऊ के बीच चलेगी रैपिड रेल, जानिए क्या होगा रूट
Kanpur-Lucknow Rapid Rail: यूपी में दिल्ली-मेरठ के बाद कानपुर-लखनऊ के बीच रैपिड रेल चलाई जाएगी. सीएम ने 18 जून को इसकी घोषणा की. लखनऊ-कानपुर रैपिड रेल प्रोजेक्ट की सर्वे रिपोर्ट और फिजिबिलिटी सर्वे पर काम शुरू किया जा रहा है. रैपिड ट्रेन लखनऊ से शुरू होकर उन्नाव होते हुए कानपुर तक जाएगी. कानपुर का नयागंज शुरआती टर्मिनल होगा. फिर उन्नाव, बशीरपुर, बशीरतपुरगंज, नवाबगंज, नवाबगंज और आखिरी अमौसी स्टेशन (लखनऊ) होगा.
IIT कानपुर बस मैनेजमेंट सिस्टम को बेहतर बनाने में दिल्ली परिवहन निगम की करेगा मदद
Bus Management System: दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (DTC) कामकाज को बेहतर बनाने के लिए अपने बस मैनेजमेंट सिस्टम के डिजिटाइज़ेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंटीग्रेशन के लिए IIT कानपुर की मदद लेने की योजना बना रही है. अधिकारियों के अनुसार, हाल ही में लागू की गई रूट रैशनलाइज़ेशन स्कीम (जिसमें पुरानी बसों को हटाना और ज़्यादा इलेक्ट्रिक बसें शामिल करना है) को देखते हुए मौजूदा बस मैनेजमेंट सिस्टम में बड़े बदलाव की ज़रूरत महसूस की गई.
उन्होंने आगे कहा कि अभी IIT दिल्ली और दिल्ली ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन मिलकर एक विस्तृत स्टडी कर रहे हैं, ताकि दिल्ली के बस नेटवर्क को मज़बूत, डेटा-आधारित और बेहतर तरीके से फिर से डिजाइन किया जा सके और लोगों तक पहुंच और सर्विस की क्वालिटी को बेहतर बनाया जा सके.
Kanpur Weather: कानपुर में आज कैसा रहेगा मौसम
कानपुर में आज भी मौसम में बदलाव की कोई संभावना नहीं है. कानपुर देहात और कानपुर नगर दोनों इलाकों में आसमान साफ रहेगा और धूप खिलेगी, इससे लोगों को गर्मी से परेशानी होगी. कानपुर में तापमान भी 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है. हालांकि, कानपुर से सटे फतेहपुर में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें