LIVE: बिहार के मुजफ्फरपुर में अस्पताल में लगी भीषण आग, देश में आज दस्तक देगा मॉनसून, पढ़िए बड़ी खबरें

स्वास्थ्य

LIVE: बिहार के मुजफ्फरपुर में अस्पताल में लगी भीषण आग, देश में आज दस्तक देगा मॉनसून, पढ़िए बड़ी खबरें

04 जून 2026 को 08:11 am बजे
LIVE: बिहार के मुजफ्फरपुर में अस्पताल में लगी भीषण आग, देश में आज दस्तक देगा मॉनसून, पढ़िए बड़ी खबरें

Latest News Updates LIVE: बिहार के मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल के ICU में लगी भीषण आग से कई मरीजों की मौत हो गई. वहीं कई लोगों को बचाया गया है. इससे पहले दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक होटल में आग लगने से 21 लोगों की दर्दनाक मौत हुई थी. इस हादसे के बाद आज से दिल्ली की इमारतों का निरीक्षण कर फायर सेफ्टी को जांचा जाएगा. राजनीतिक गलियारे की बात करें तो कर्नाटक में बड़े उलटफेर के बाद डीके शिवकुमार ने नए मुख्यमंत्री के रूप में कमान संभाल ली है. वहीं भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मॉनसून आज केरल के रास्ते भारत में दस्तक दे रहा है. देश-दुनिया की बड़ी खबरों को पढ़ने के लिए बने रहिए NDTV.in के साथ.

Muzaffarpur hospital fire, Monsoon Update Breaking News LIVE

नवी मुंबई एयरपोर्ट पर उतरा सुखोई-30MKI फाइटर जेट

भारतीय वायु सेना ने आज इतिहास रच दिया, जब IAF का सुखोई-30MKI विमान पहली बार नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा. साउथ वेस्टर्न एयर कमांड के C-PRO के अनुसार, जब यह लड़ाकू विमान जमीन पर उतरा, तो आसमान एक जोरदार गड़गड़ाहट से गूंज उठा.

Delhi Fire LIVE: दिल्ली और बिहार अग्निकांड पर क्या बोले RJD नेता मनोज झा

मालवीय नगर अग्निकांड पर RJD सांसद मनोज झा का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि एक ऐसी सरकार जिसका मुख्य मकसद सिर्फ अपने कार्यकाल को बढ़ाना है. उनकी प्राथमिकता सुशासन नहीं है, और जिनका एकमात्र ध्यान चुनाव जीतने पर है. ऐसी सरकार ने लोगों की जान जाने दी है. कुछ दिनों तक श्रद्धांजलि दी जाती है और एक कमेटी बनाई जाती है. फिर भी, बाद में किसी को कभी पता नहीं चलता कि उस कमेटी का क्या हुआ. मेरे अपने राज्य, बिहार में मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में आग लग गई थी, जिसमें 5-6 लोगों की जान चली गई थी. सरकार कुछ मुआवजे का ऐलान कर सकती है, लेकिन वह मुआवजा कभी भी खोए हुए परिवार के सदस्य को वापस नहीं ला सकता. अगर हमें एक पुख्ता व्यवस्था बनानी है, तो जवाबदेही तय होनी चाहिए.

Bomb Threats Panchkula Mayor's Office LIVE: पंचकूला मेयर कार्यालय और मंदिरों को बम से उड़ाने की धमकी

पंचकूला में उस समय हड़कंप मच गया जब मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया. जानकारी के अनुसार एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ है, जिसमें न केवल मेयर कार्यालय को निशाना बनाने की बात कही गई है, बल्कि शहर के कई प्रसिद्ध मंदिरों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है.
धमकी भरे इस ई-मेल के सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में तुरंत सतर्कता बढ़ा दी गई है. पंचकूला पुलिस एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है. ई-मेल में जिन मंदिरों का उल्लेख किया गया है, उनकी सूची को लेकर भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं. पुलिस साइबर सेल की मदद से ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
फिलहाल पूरे मामले को गंभीर सुरक्षा खतरे के रूप में देखा जा रहा है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.

Delhi Fire LIVE: अग्निकांड के घायलों से मिलने पहुंची दिल्ली की CM रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मैक्स अस्पताल में अग्निकांड के घायलों से मुलाकात की. कल दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में 21 लोगों की मौत हुई थी. वहीं कई लोग घायल हैं.

Delhi Fire LIVE: दिल्ली अग्निकांड मामले में इन धाराओं में FIR दर्ज

मालवीय नगर अग्निकांड मामले में BNS की धाराओं 105 (गैर-इरादतन हत्या), 326(g) (आग लगाकर संपत्ति/परिसर को नुकसान पहुंचाना), 324(5) (किसी संपत्ति या व्यक्ति को जानबूझकर नुकसान पहुंचाना), 125(a) और 125(b) (दूसरों के जीवन या सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कार्य; लापरवाही या खतरनाक आचरण जो मानव जीवन के लिए खतरा पैदा करता है) और 287 (आग या ज्वलनशील पदार्थों के संबंध में लापरवाही; आग, ज्वलनशील सामग्री या खतरनाक पदार्थों के उपयोग में लापरवाही बरतना) के तहत एक FIR दर्ज की गई है. होटल मालिक लवकेश बजाज की गिरफ्तारी के बाद, दिल्ली पुलिस अब होटल मैनेजर की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है.

Delhi Fire LIVE: दिल्ली अग्निकांड मामले में होटल मैनेजर की तलाश कर रही पुलिस

दिल्ली अग्निकांड मामले में दिल्ली पुलिस होटल मैनेजर जय मिश्रा की तलाश कर रही है. होटल मालिक ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने 2022 में यह इमारत ली थी और वहां होटल चलाना शुरू किया था. उसने यह भी बताया कि वह होटल का अकेला मालिक था और उसका कोई बिज़नेस पार्टनर नहीं था. उसने होटल का पूरा मैनेजमेंट जय मिश्रा को सौंप दिया था. बताया जा रहा है कि होटल के सभी लाइसेंस जय मिश्रा के नाम पर जारी किए गए थे. होटल के पास सिर्फ छह कमरों का लाइसेंस था, लेकिन वह 25 कमरों वाले होटल के तौर पर चल रहा था.

Modi Cabinet Decision LIVE: विदेशी निवेश में तेजी के लिए मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला

सूत्रों के अनुसार विदेशी निवेश में तेजी के लिए मोदी कैबिनेट ने बड़ा फैसला किया है. सरकार ने आयकर कानून में संशोधन के लिए अध्यादेश को मंजूरी दी. देश में विदेशी पूंजी के प्रवाह को बढ़ावा देने और अर्थव्यवस्था पर ईरान युद्ध के प्रतिकूल प्रभावों को कम करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद यह अध्यादेश लागू होगा.

सरकार विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) द्वारा भारतीय सरकारी प्रतिभूतियों (G-secs) में किए गए निवेश पर कैपिटल गेन्स टैक्स को पूरी तरह समाप्त करेगी. अभी विदेशी निवेशकों को 12 महीने से अधिक समय तक रखे गए बॉण्ड और लिस्टेड शेयरों पर 12.5% का लॉन्ग-टर्म कैपिटल गेन्स (LTCG) टैक्स देना होता है.
इसके अलावा, उन्हें सरकारी बॉण्ड्स से अर्जित ब्याज पर 20% का विदहोल्डिंग टैक्स भी चुकाना पड़ता है. इस पर 5% की रियायती दर को सरकार ने 2023 में समाप्त कर दिया था. इस वर्ष विदेशी निवेशकों ने ₹2.5 लाख करोड़ की भारी बिकवाली की है. इसके बाद से ही टैक्स में कटौती की मांग की जा रही थी. आने वाले समय में कुछ और बड़े कदम भी उठाए जा सकते हैं.

Manipur Police Action: मणिपुर में पांच उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार बरामद

मणिपुर में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में विभिन्न प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया और हथियार बरामद किए हैं. एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को इंफाल पूर्व जिले के सावोम्बुंग खुनजाओ से एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया, जबकि मंगलवार को चंदेल जिले के खांगतुंग गांव के निकट चार अन्य उग्रवादियों को पकड़ा गया.

अधिकारी के अनुसार, गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान मायंगलाम्बम गांधी सिंह (24), लांगपोकलाकपम सुशील सिंह (25), लैतोंजाम कन्हैया सिंह (26) और कांगजाम नरेश मेइती (20) के रूप में हुई है.

उन्होंने बताया कि बुधवार को इंफाल पूर्व जिले के इरिलबुंग क्षेत्र में चलाए गए एक अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक झोपड़ी से हथियार और विस्फोटक बरामद किए.

बरामद सामग्री में दो एके राइफल, एक एसएलआर राइफल, नौ एमएम की एक कार्बाइन, चार हथगोले, तीन मैगजीन तथा विभिन्न बोर के 42 कारतूस शामिल हैं.

Bihar Fire LIVE: मुजफ्फरपुर में कैसे लगी आग?

मुजफ्फरपुर के अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू में अचानक आग लगी थी. देखते ही देखते धुआं पूरे अस्पताल में फैल गया. आईसीयू में भर्ती मरीजों के लिए स्थिति सबसे अधिक गंभीर हो गई, क्योंकि उनमें से कई मरीज वेंटिलेटर और अन्य जीवनरक्षक उपकरणों के सहारे इलाज करा रहे थे. धुएं के कारण मरीजों को सांस लेने में परेशानी होने लगी और अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई.

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. पुलिस, प्रशासन और अस्पताल कर्मियों ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया. गंभीर रूप से बीमार और झुलसे मरीजों को एंबुलेंस के माध्यम से मुजफ्फरपुर के अन्य बड़े सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया. डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है.

Bihar Hospital Fire LIVE: बिहार अग्निकांड में 4 लोगों की मौत

बिहार के मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में देर रात ICU वार्ड में भीषण आग लग गई. इस घटना में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है.

IndiGo Flight Updates LIVE: भारत मैनचेस्टर के बीच उड़ान बंद करेगा इंडिगो

IndiGo की 31 अगस्त से भारत और मैनचेस्टर के बीच अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से बंद करने का ऐलान किया है. एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा है कि अंतरराष्ट्रीय एयरस्पेस प्रतिबंधों के कारण उड़ानों का समय काफी बढ़ गया है, जिससे संचालन महंगा हो गया है. बढ़ती एविएशन टर्बाइन फ्यूल कीमतें, मध्य पूर्व की भू-राजनीतिक परिस्थितियां, एयरस्पेस की दिक्कतें और विदेशी मुद्रा विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव से लागत बहुत बढ़ गई है.

इसी वजह से इंडिगो , Norse Atlantic Airways से लीज पर लिए गए 6 में से 1 Boeing 787-9 Dreamliner विमान को वापस करेगी. एयरलाइन ने कहा कि बाकी सभी लंबी दूरी  की उड़ानें पहले की तरह जारी रहेंगी. इंडिगो ने 2025 में ये Boeing 787-9 विमान लीज पर लिए थे ताकि यूरोप में अपनी मौजूदगी बढ़ा सके और अपने एयरबस A350 विमानों के आने से पहले लंबी दूरी की सेवाएं शुरू कर सके.

कंपनी के अनुसार, मैनचेस्टर रूट पर यात्रियों की मांग अच्छी रही, लेकिन बढ़ती लागत के कारण सेवा जारी रखना मुश्किल हो गया. इंडिगो के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिजीत दसगुप्ता ने कहा कि यह फैसला मजबूरी में लिया गया है और सेवा बंद होना अस्थायी है.

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
शेयर करें
हिंदी खबर नेटवर्क पर पढ़ें ताज़ा हिंदी समाचार।