'मुझे सरेंडर करने की इजाजत मिले...', लॉरेंस बिश्नोई के भाई ने कोर्ट में लगाई गुहार

राष्ट्रीय समाचार

'मुझे सरेंडर करने की इजाजत मिले...', लॉरेंस बिश्नोई के भाई ने कोर्ट में लगाई गुहार

03 जुलाई 2026 को 09:25 am बजे
'मुझे सरेंडर करने की इजाजत मिले...', लॉरेंस बिश्नोई के भाई ने कोर्ट में लगाई गुहार

जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई और बांद्रा में बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में वांटेड आरोपी अनमोल बिश्नोई ने मुंबई में MCOCA (महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट) की स्पेशल कोर्ट में औपचारिक रूप से सरेंडर करने की इजाजत मांगी है.

अपनी अर्जी में अनमोल ने कहा है कि वह मुंबई कोर्ट के सामने स्वेच्छा से सरेंडर करना चाहता है.  बता दें, अनमोल बिश्नोई अभी नई दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है. उसे नवंबर 2025 में अमेरिका से भारत लाया गया था.

भारत आने पर, नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने उसे लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट से जुड़े कथित आतंकवादी-गैंगस्टर नेक्सस के एक मामले में गिरफ्तार किया था.

गुरुवार को स्पेशल जज एस. आर. नावेंदर ने पब्लिक प्रॉसिक्यूटर को अनमोल की अर्जी का जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया.

याचिका में कहा गया है, हालांकि अनमोल पहले से ही NIA मामले में न्यायिक हिरासत में है, लेकिन वह उचित न्यायिक निर्देशों के बिना मुंबई कोर्ट के सामने व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं हो सकता. इसलिए उसने तिहाड़ जेल अधिकारियों के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी करने की मांग की है ताकि उसके सरेंडर को औपचारिक रूप से दर्ज किया जा सके और जरूरी रिमांड कार्यवाही (फिजिकली या वर्चुअल तरीके से) की जा सके.

अर्जी में यह भी कहा गया है कि यह राहत देने से अभियोजन पक्ष को कोई नुकसान नहीं होगा. इसके विपरीत, इससे कार्यवाही में तेजी आएगी और कानूनी प्रक्रिया के किसी भी दुरुपयोग या देरी को रोका जा सकेगा.

याचिका में यह भी बताया गया है कि फायरिंग मामले में सुनवाई पहले से ही चल रही है और उसकी अनुपस्थिति में अभियोजन पक्ष के तीन गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं.

14 अप्रैल 2024 को, मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने कथित तौर पर बांद्रा में सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट्स आवास के बाहर फायरिंग की और मौके से भाग गए. मुंबई पुलिस ने इस मामले में MCOCA लगाया और आरोप लगाया कि यह हमला लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने करवाया था.

इस मामले में आरोपी विक्की गुप्ता, सागर पाल, सोनुकुमार बिश्नोई, मोहम्मद रफीक चौधरी और हरपाल सिंह के खिलाफ सुनवाई चल रही है, और ये सभी न्यायिक कस्टडी में हैं. वहीं, एक और आरोपी अनुज कुमार थापन की पुलिस कस्टडी में मौत हो गई. लॉरेंस बिश्नोई और अनमोल बिश्नोई को इस मामले में वांटेड आरोपी बताया गया है.

शेयर करें
हिंदी खबर नेटवर्क पर पढ़ें ताज़ा हिंदी समाचार।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Hyderabad News: 58 हजार करोड़ से बदलेगी मूसी नदी की सूरत, लंदन की टेम्स की तर्ज पर बनेगा रिवरफ्रंट

बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: पहले दिन 100 करोड़ पार 'टॉक्सिक', शाहरुख और रणवीर सिंह की इन फिल्मों का तोड़ डाला रिकॉर्ड

Toxic Box Office Collection Day 1: यश की टॉक्सिक ने पहले दिन कमाए 140 करोड़, जवान और एनिमल को छोड़ा पीछे