हाल में हुई शादी और एकाएक लापता हो गए डॉक्टर! नहीं मिल रहा सुराग
हाल में हुई शादी और एकाएक लापता हो गए डॉक्टर! नहीं मिल रहा सुराग

बिहार के खगड़िया जिले में आयुर्वेदिक चिकित्सक और समाजसेवी डॉ. कुंदन स्वामी के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. 16 जुलाई की दोपहर से उनका कोई पता नहीं चल सका है. कई दिनों के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार की चिंता और बढ़ गई. परिजन किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं और जमीन के खरीद-बिक्री के विवाद को इस पूरे मामले की वजह मान रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, महेशखूंट थाना क्षेत्र के कुशवाहा नगर निवासी डॉ. कुंदन स्वामी 16 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे के बाद अचानक लापता हो गए. इसके बाद से उनका मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा है. परिवार ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस की शरण ली.
कुछ महीने पहले ही विवाह बंधन में बंधे डॉ. कुंदन स्वामी की पत्नी श्रुति कुमारी ने महेशखूंट थाने में लिखित आवेदन देकर दो नामजद लोगों और कुछ अज्ञात व्यक्तियों पर पति के साथ अनहोनी की आशंका जताई है. आवेदन में कहा गया है कि जमीन के एक सौदे को लेकर करीब एक सप्ताह पहले उनके पति की कुछ लोगों से तीखी बहस हुई थी. इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान भी रहने लगे थे. परिवार का मानना है कि उसी विवाद के कारण उनका अपहरण किया गया हो सकता है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू की है. साथ ही डॉ. कुंदन स्वामी के मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है. इसके अलावा उनकी तलाश में डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली जा रही है.
महेशखूंट थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. फिलहाल अपहरण समेत सभी संभावित एंगल पर पड़ताल जारी है और लापता चिकित्सक की सकुशल बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता है. डॉ. कुंदन स्वामी के अचानक लापता होने से परिवार गहरे सदमे में है. परिजनों का कहना है कि जब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल जाता, तब तक उनकी चिंता कम नहीं होगी. वहीं स्थानीय लोग भी जल्द से जल्द इस मामले का खुलासा करने और चिकित्सक की सुरक्षित बरामदगी की मांग कर रहे हैं.
📌 संबंधित खबरें
- रविद्रनाथ टैगोर की 126 पुरानी कविता से है दीपिका-रणवीर के पॉपुलर गाने का रिश्ता, गुजरात का है मशहूर लोकगीत
- रामायणम् के रावण ने खोला राज, बताया रणबीर कपूर या साई पल्लवी नहीं ये है सरप्राइज पैकेज
- रामायण के राम में अरुण गोविल को दिखी थी अपनी छवि, लेकिन हुए रिजेक्ट, पुराना किस्सा सुनाते हुए कहा- मुझे बस राम बनना था
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें