Live: राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद, सुप्रीम कोर्ट में एक साथ चार याचिकाओं पर आज होगी सुनवाई
Live: राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद, सुप्रीम कोर्ट में एक साथ चार याचिकाओं पर आज होगी सुनवाई

Live: राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुका है. जिस पर सोमवार के दिन अहम सुनवाई होनी है. सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ एक साथ चार याचिकाओं पर सुनवाई करेगी. जिसमें मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग भी की गई थी. दो अलग-अलग याचिकाओं में मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की गई है, जबकि एक अन्य याचिका में सीबीआई की विशेष जांच टीम से जांच, सबूतों को सुरक्षित रखने और मंदिर ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन की फॉरेंसिक ऑडिट कराने की मांग की गई है. ऐसे में इस मामले में देशभर की निगाहें टिकी हैं.
Live update
मोहाली में 6 स्कूलों को मिली धमकी
पंजाब के मोहाली में 6 स्कूलों को धमकी मिली है. सुरक्षा संबंधी खतरे के चलते स्कूल प्रशासन ने तुरंत स्कूल बंद करने का फैसला लिया गया है. अभिभावकों को ईमेल भेजकर बच्चों को जल्द से जल्द स्कूल से ले जाने की अपील की है. इसके अलावा स्कूल बस से आने वाले छात्रों को नियमित रूट के अनुसार घर भेजा जा रहा है. एहतियात के तौर पर मोहाली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है.
महाराष्ट्र के पुणे में बड़ा हादसा
महाराष्ट्र के पुणे में बड़ा हादसा हुआ है. यहां जेजुरी के पास धार्मिक यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को टेम्पो ने टक्कर मार दी है. जिसमें तीन महिला श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि चार अन्य घायल बताए जा रहे हैं. घायल वारकरियों का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना सोमवार सुबह सासवड-जेजुरी मार्ग के पास बेलसर फाटा के पास की बताई जा रही है. वारकरी मुख्य रूप से महाराष्ट्र के वे श्रद्धालु हैं, जो भगवान विट्ठल के भक्त होते हैं, ये हर साल आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर भजन-कीर्तन करते हुए पैदल यात्रा करते हैं. जिसे'वारी' कहा जाता है. ये लोग पंढरपुर स्थित भगवान विट्ठल के दर्शन के लिए जाते हैं, इसी यात्रा के दौरान ये हादसा हुआ है.
उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से कई सड़कें बंद
उत्तराखंड में भारी बारिश के बाद कई जिलों में लैंडस्लाइड हुआ है. प्रशासन के मुताबिक यहां 2 हाईवे समेत 126 सड़कें बंद हैं. हालांकि प्रशासन की टीमें मलबा हटाने में जुटी हैं. उत्तराखंड में सोमवार के दिन भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
देश में फिर एक्टिव हो रहा मॉनसून
मॉनसून देश में फिर से एक्टिव हो रहा है. मौसम विभाग ने 13 जुलाई को देश के 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, झारखंड, दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब समेत कई राज्यों में सोमवार से अच्छी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने दबाव की वजह से फिर से मॉनसून मैदानी राज्यों में एक्टिव हो सकता है. जबकि पहाड़ी राज्यों में अच्छी बारिश का दौर जारी है.
राम मंदिर चढ़ावा चोरी आरोपियों की कस्टडी खत्म
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार हुए आठ आरोपियों को जुडिसियल कस्टडी आज खत्म हो रही है. अयोध्या पुलिस सभी आरोपियों को कोर्ट के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेशी कराएगी, संभव है टिन्नू यादव और सुभाष श्रीवास्तव की पुलिस रिमांड मांगी जाएगी. आठ में से चार आरोपियों, अविनाश, अनुकल्प, लवकुश और करुणेश, की पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ की जा चुकी है. चार आरोपियों से पूछताछ बाकी है. बाक़ी बचे आरोपियों में टिन्नू यादव, सुभाष श्रीवास्तव, रामशंकर मिश्रा और मनीष यादव शामिल हैं.
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर सुप्रीम कोर्ट करेगा सुनवाई
राम मंदिर चंदा चोरी मामले में सीजेआई सूर्यकांत की बेंच कुल चार याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई करेगी. हिंदू धर्म परिषद ने भी सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई थी, जिसमें कोर्ट की निगरानी में चंदा चोरी की जांच की मांग की गई है. दो अलग-अलग याचिकाओं में मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की गई है. इसके अलावा एक याचिका में सबूतों को सुरक्षित रखने और मंदिर ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन की फॉरेंसिक ऑडिट कराने की मांग की गई है. याचिकाकर्ताओं का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच आवश्यक है.
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें