वैभव के 'New Chapter' पोस्ट से मची हलचल- डेब्यू या नया सरप्राइज?

खेल

वैभव के 'New Chapter' पोस्ट से मची हलचल- डेब्यू या नया सरप्राइज?

04 जुलाई 2026 को 06:23 am बजे
वैभव के 'New Chapter' पोस्ट से मची हलचल- डेब्यू या नया सरप्राइज?

15 साल के वैभव सूर्यवंशी का टीम इंडिया में डेब्यू कब होगा, इस सवाल पर हर किसी की नजर टिकी हुई है. इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार को मैनचेस्टर में खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले से पहले भी सबसे ज्यादा चर्चा इसी किशोर बल्लेबाज की है. इसी बीच वैभव की एक इंस्टाग्राम स्टोरी ने सोशल मीडिया पर नया सस्पेंस खड़ा कर दिया है.

शुक्रवार रात वैभव ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी एक तस्वीर शेयर की. तस्वीर में वह बल्ला उठाकर जश्न मनाते नजर आ रहे हैं और उसके ऊपर सिर्फ दो शब्द लिखे हैं- 'New Chapter'. बस, यही दो शब्द अब फैन्स के बीच चर्चा का विषय बन गए हैं.

दरअसल, इससे कुछ घंटे पहले शुक्रवार को मैनचेस्टर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मॉर्कल ने ऐसा बयान दिया, जिससे वैभव के दूसरे टी20 में डेब्यू की संभावनाओं पर सवाल खड़े हो गए.

मोर्कल ने साफ कहा कि संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जगह तुरंत नहीं छीनी जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि टी20 विश्व कप जिताने वाले खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना जरूरी है. मॉर्कल के इस बयान के बाद माना जाने लगा कि दूसरे टी20 में भी वैभव को इंतजार करना पड़ सकता है.

लेकिन इसी बयान के कुछ घंटे बाद वैभव की 'New Chapter' वाली इंस्टा स्टोरी सामने आई, जिसने पूरे मामले को और रहस्यमय बना दिया.

सोशल मीडिया पर कई फैन्स इस पोस्ट को वैभव के संभावित डेब्यू से जोड़कर देख रहे हैं. उनका मानना है कि 'New Chapter' शायद टीम इंडिया के लिए नए सफर की शुरुआत का संकेत हो सकता है. हालांकि, फिलहाल इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

इस पोस्ट का एक दूसरा एंगल भी सामने आ रहा है. पिछले कुछ दिनों से वैभव के बैट स्पॉन्सर को लेकर चर्चाएं चल रही थीं.

दरअसल, शुक्रवार को ही एक तस्वीर सामने आई, जिसमें वैभव जिस बल्ले के साथ नजर आए, उस पर Hero का स्टिकर लगा हुआ था. इससे पहले वह SS ब्रांड के बल्ले का इस्तेमाल करते रहे हैं. ऐसे में यह भी माना जा रहा है कि 'New Chapter' शायद किसी नए बैट स्पॉन्सरशिप करार का संकेत हो.

अभी तक वैभव ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी का मतलब साफ नहीं किया है. इसलिए यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह पोस्ट टीम इंडिया में उनके डेब्यू का इशारा है या फिर किसी नए कमर्शियल करार की ओर संकेत. फिलहाल यह सिर्फ कयास हैं.

हालांकि इतना तय है कि मैदान पर उतरने से पहले ही वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. अब सभी की निगाहें शनिवार को मैनचेस्टर में होने वाले दूसरे टी20 मुकाबले और टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन पर टिकी हैं. अगर वैभव को मौका मिलता है तो 'New Chapter' का मतलब साफ हो जाएगा, और अगर नहीं, तो इस रहस्यमयी पोस्ट की असली कहानी शायद कुछ और ही निकले.

शेयर करें
हिंदी खबर नेटवर्क पर पढ़ें ताज़ा हिंदी समाचार।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Hyderabad News: 58 हजार करोड़ से बदलेगी मूसी नदी की सूरत, लंदन की टेम्स की तर्ज पर बनेगा रिवरफ्रंट

बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: पहले दिन 100 करोड़ पार 'टॉक्सिक', शाहरुख और रणवीर सिंह की इन फिल्मों का तोड़ डाला रिकॉर्ड

Toxic Box Office Collection Day 1: यश की टॉक्सिक ने पहले दिन कमाए 140 करोड़, जवान और एनिमल को छोड़ा पीछे