कठुआ में CISF जवान की फायरिंग पर बड़ा एक्शन, कोर्ट ऑफ इंक्वायरी गठित

राष्ट्रीय समाचार

कठुआ में CISF जवान की फायरिंग पर बड़ा एक्शन, कोर्ट ऑफ इंक्वायरी गठित

30 सितंबर 2026 को 09:55 am बजे
कठुआ में CISF जवान की फायरिंग पर बड़ा एक्शन, कोर्ट ऑफ इंक्वायरी गठित

जम्मू-कश्मीर के कठुआ में CISF कैंप में हुई फायरिंग के मामले में जांच तेज कर दी गई है. CISF ने पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी गठित की है. बुधवार को दिल्ली से CISF के सीनियर अधिकारियों की एक टीम भी जम्मू-कश्मीर के कठुआ पहुंची है. टीम पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है.

यह घटना कठुआ के बसोली इलाके में स्थित सेवा-2 हाइडल प्रोजेक्ट में हुई थी. यहां सुरक्षा की जिम्मेदारी CISF की है. दरअसल, 29 सितंबर की शाम एक CISF हेड कॉन्स्टेबल ने अपने ही साथियों पर फायरिंग कर दी थी. इस घटना में चार जवानों की मौत हो गई. मरने वालों में एक असिस्टेंट कमांडेंट भी शामिल थे.

मृतकों की पहचान असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडे, सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कॉन्स्टेबल संजीव कुमार और कॉन्स्टेबल मोहम्मद रफीक के तौर पर हुई है.

यह भी पढ़ें: कठुआ: CISF कैंप में फायरिंग, आखिर वर्दी के भीतर क्यों है इतना तनाव?

दरअसल, घटना के समय जवानों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी. इसी दौरान फायरिंग की घटना हुई. हालांकि, फायरिंग की असली वजह क्या थी, इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है. CISF और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं.

CISF हेडक्वार्टर ने कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए हैं. इस जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि फायरिंग से पहले कैंप में क्या हुआ था. जवानों के बीच कोई विवाद था या नहीं, घटना के समय कौन-कहां मौजूद था और फायरिंग की परिस्थितियां क्या थीं. इन सभी पहलुओं को देखा जाएगा. जांच में फायरिंग की वजह का भी पता लगाया जाएगा. CISF के DG खुद पूरे मामले की मॉनीटरिंग कर रहे हैं. कठुआ पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची थी.

घटना की गंभीरता को देखते हुए CISF के सीनियर अधिकारियों की टीम दिल्ली से कठुआ पहुंची है. टीम घटनास्थल और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है.

यह भी पढ़ें: कठुआ में CISF कैंप में जवान की अंधाधुंध फायरिंग... असिस्टेंट कमांडेंट समेत 4 जवानों की मौत, आरोपी हेड कॉन्स्टेबल गिरफ्तार

CISF की ओर से गृह मंत्रालय (MHA) को मामले की शुरुआती रिपोर्ट भी भेजी गई है. आगे की जानकारी जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर सामने आएगी. फिलहाल CISF की आंतरिक जांच और पुलिस की कार्रवाई दोनों जारी हैं. जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग के पीछे की सही वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर साफ होगी.

शेयर करें
हिंदी खबर नेटवर्क पर पढ़ें ताज़ा हिंदी समाचार।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आम्रपाली सेंचुरियन पार्क में महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा, गाली-गलौज का वीडियो वायरल

14 साल से व्हीलचेयर पर जिंदगी जी रहा था हॉलीवुड का ये एक्टर, 80 साल की उम्र में हुआ निधन

अरंडी तेल से लेकर नारियल तेल तक, दाढ़ी बढ़ाने के लिए कौन सा तेल लगाना चाहिए