दिल्ली में एक्यूआई 500 पार: नोएडा-गाजियाबाद और गुरुग्राम की भी हवा खराब, 5वीं क्लास तक हाइब्रिड मोड में पढ़ाई

राष्ट्रीय समाचार

दिल्ली में एक्यूआई 500 पार: नोएडा-गाजियाबाद और गुरुग्राम की भी हवा खराब, 5वीं क्लास तक हाइब्रिड मोड में पढ़ाई

12 नवंबर 2026 को 07:56 am बजे
दिल्ली में एक्यूआई 500 पार: नोएडा-गाजियाबाद और गुरुग्राम की भी हवा खराब, 5वीं क्लास तक हाइब्रिड मोड में पढ़ाई

दिल्ली में एक्यूआई 500 पार: नोएडा-गाजियाबाद और गुरुग्राम की भी हवा खराब, 5वीं क्लास तक हाइब्रिड मोड में पढ़ाई

अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली Published by: अनुज कुमार Updated Thu, 12 Nov 2026 07:56 AM IST
सार

Delhi NCR AQI Today: दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से राहत नहीं मिली है, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 500 के पार है। नोएडा और गाजियाबाद सहित पूरे क्षेत्र में स्मॉग ही स्मॉग नजर आ रहा है, जिससे हवा 'बेहद खराब' श्रेणी में है।

AQI crosses 500 in five areas of Delhi air quality also poor in Noida Ghaziabad and Gurugram
दिल्ली में प्रदूषण - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

दिल्ली में प्रदूषण से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। शहर के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार गुरुवार सुबह धौला कुआं के आसपास के इलाके में एयर क्वालिटी इंडेक्स 128 दर्ज किया। जिसे 'मध्यम' श्रेणी में रखा गया है। लेकिन वहीं दूसरी तरफ अक्षरधाम इलाके में स्मॉग की परत छाई हुई है। कई इलाकों में एक्यूआई का स्तर 500 के पार पहुंच गया है।





प्रदूषण के खिलाफ एनएसयूआई का प्रदर्शन
 नई दिल्ली स्थित 5 रायसीना रोड पर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बढ़ते वायु प्रदूषण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रदूषण से आम नागरिकों के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभावों को उजागर करते हुए स्वच्छ हवा सुनिश्चित करने और जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए सरकार से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की। 


नोएडा सेक्टर-62 का एक्यूआई 390 पर पहुंचा
बदलते मौसम के साथ शहर की हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है। बृहस्पतिवार को नोएडा का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 287 दर्ज किया गया, जो ऑरेंज जोन में है। बुधवार को यह 291 रहा था। एक्यूआई में मामूली गिरावट के बावजूद शहर के विभिन्न इलाकों में सुबह से ही धुंध की चादर छाई रही। दूर स्थित ऊंची इमारतें और हाईराइज सोसाइटियां भी साफ दिखाई नहीं दे रही थीं।


अलग अलग स्टेशन के एक्यूआई की बात करें तो सेक्टर-1 में 274, सेक्टर-110 में 279, सेक्टर-125 में 286, सेक्टर-150 में 257 और सेक्टर-39 में 245 दर्ज किया गया। वहीं, सेक्टर-62 में एक्यूआई 390 रहा, जो रेड जोन में है। यहां की हवा सबसे ज्यादा खराब दर्ज की गई। प्रदूषण के कारण लोगों को सुबह के समय धुंध और खराब हवा का सामना करना पड़ रहा है।

दिल्ली-एनसीआर में 5वीं क्लास तक हाइब्रिड मोड में पढ़ाई
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप)-3 लागू होने के बाद गौतमबुद्ध नगर के स्कूलों के लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं। जिले में कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई अब हाइब्रिड मोड में कराई जाएगी। इसमें ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कक्षाएं संचालित होंगी। हालांकि, ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध होने पर ही इसे लागू किया जाएगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों व प्रबंधकों को तत्काल प्रभाव से कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों के लिए हाइब्रिड मोड में शिक्षण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह निर्देश वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की ओर से छह नवंबर को जारी आदेश के बाद दिए गए हैं। आयोग ने दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में कक्षा पांच तक के बच्चों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई का प्रावधान किया है।

जहरीली हवा ने तोड़ा तीन साल का रिकॉर्ड
दिल्ली-एनसीआर की हवा में प्रदूषण का जहर केवल पराली जलाने और दिवाली के पटाखों से नहीं घुल रहा है। इस बार सर्दियों की शुरुआत ही पिछले तीन वर्षों के मुकाबले अधिक प्रदूषित रही। दिवाली से पहले के सप्ताह में दिल्ली का औसत पीएम2.5 स्तर 236 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया।



यह 2025 की समान अवधि के मुकाबले करीब दोगुना और 2024 की तुलना में लगभग एक तिहाई अधिक था। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई) की ताजा रिपोर्ट ने प्रदूषण नियंत्रण के मौजूदा तरीकों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, पराली और पटाखे प्रदूषण बढ़ाने वाले कारक जरूर हैं, लेकिन दिल्ली की बिगड़ती हवा के पीछे सालभर जारी रहने वाला उत्सर्जन और पड़ोसी जिलों से आने वाला प्रदूषण भी बड़ी वजह है।
 
दिल्ली-एनसीआर में एक्यूआई 
मॉडल टाउन (दिल्ली) - 523
रोहिणी (दिल्ली) - 505
सोनिया विहार (दिल्ली) - 525
आनंद पर्वत (दिल्ली)- 510
आनंद विहार (दिल्ली)- 521
इंदिरापुरम (गाजियाबाद) - 512
आईपी एक्सटेंशन (फरीदाबाद) - 519
नोएडा - 533
ग्रेटर नोएडा - 517

(नोट- यह आंकड़े सुबह 7:30 बजे के आसपास के हैं, जो एक्यआई डॉट इन से लिए गए हैं)

दिल्ली के बाद गुरुग्राम बना एनसीआर का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर
दिल्ली में प्रदूषण से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। शहर के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण का स्तर 300 के पार दर्ज किया गया। वहीं, एक इलाके में यह 400 के पार पहुंच गया। इससे साफ है कि राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को प्रदूषित हवा में सांस लेनी पड़ रही है। आंकड़ों के अनुसार, कुल 54 निगरानी केंद्रों में से 27 केंद्रों पर प्रदूषण का स्तर 300 या उससे अधिक रहा। इनमें एक केंद्र पर यह 400 के पार पहुंच गया, जबकि 10 केंद्रों पर स्तर 350 से अधिक दर्ज किया गया। वहीं, 26 केंद्रों पर यह 300 से कम रहा। दिल्ली का समग्र आंकड़ा 282 दर्ज किया गया।