7 मर्डर कर लाश जंगल में डंप करता गया, ससुराल का काल बना ये दामाद
7 मर्डर कर लाश जंगल में डंप करता गया, ससुराल का काल बना ये दामाद

बेंगलुरु में एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे कर्नाटक को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी समेत उसके परिवार के सात लोगों की बेरहमी से हत्या करने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घरेलू विवाद और ससुराल वालों की ओर से कथित अपमान का बदला लेने के लिए इस पूरी वारदात को अंजाम दिया. हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने कथित तौर पर हत्याओं को एक साथ अंजाम देने के बजाय तीन चरणों में अंजाम दिया. वह पहले लोगों को खाने-पीने की चीजों में नींद की गोलियां मिलाकर बेहोश करता और फिर पत्थर से सिर पर वार कर उनकी हत्या कर देता था.
इस मामले में पुलिस ने आरोपी की पहचान इंदुशेखर (50) के रूप में की है. वह कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित राजाजीनगर इलाके का रहने वाला है और कैब चलाता है. उसकी शादी सुनीता से करीब 20 साल पहले हुई थी. दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी पत्नी के व्यवहार और ससुराल पक्ष के कुछ सदस्यों की कथित बेइज्जती से नाराज था. इसी नाराजगी के चलते उसने कथित तौर पर अपनी पत्नी और उसके परिवार के सदस्यों को खत्म करने की योजना बनाई.
पुलिस के मुताबिक, सुनीता और उसके परिवार के छह अन्य सदस्य एक के बाद एक लापता होने लगे. शुरुआत में परिवार के लोगों को लगा कि वे कहीं बाहर गए होंगे, लेकिन लगातार संपर्क नहीं होने पर चिंता बढ़ गई. इसके बाद रिश्तेदारों ने बेंगलुरु के श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. 2 नवंबर को परिजन पुलिस के पास पहुंचे और 3 नवंबर को औपचारिक रूप से गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई. यह शिकायत नलिनी की मां थुंगम्मा ने दर्ज कराई थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और लापता लोगों के मोबाइल फोन की लोकेशन और टावर डेटा खंगालना शुरू किया. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लापता परिवार के छह सदस्यों के मोबाइल फोन एक ही इलाके में सक्रिय थे. इसी दौरान आरोपी इंदुशेखर का मोबाइल फोन भी उसी लोकेशन पर सक्रिय मिला. इस जानकारी ने पुलिस का शक उसके ऊपर गहरा कर दिया. इसके बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी.
पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर को इंदुशेखर के हलासुरु गेट इलाके में पहुंचने की जानकारी मिली. वह वहां कुछ दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराने के लिए अपनी इटियॉस कार से पहुंचा था. उस वक्त उसके साथ उसकी नाबालिग बेटी और शंकर का बेटा यतीन भी मौजूद थे. पुलिस ने जैसे ही उसकी कार को घेरने की कोशिश की, वह दोनों बच्चों को वहीं छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लेकर दोनों नाबालिगों को सुरक्षित निकाला और उनसे पूछताछ की.
पुलिस ने बाद में इंदुशेखर को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर अपनी पत्नी सुनीता समेत उसके परिवार के सात सदस्यों की हत्या करने की बात कबूल की. पुलिस का दावा है कि आरोपी ने दो अन्य लोगों की हत्या की योजना भी बनाई थी, जिनमें यतीन भी शामिल था. हालांकि, वह अपनी योजना को पूरा नहीं कर पाया. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने कथित तौर पर अपनी नाबालिग बेटी को भी शवों को छिपाने और ठिकाने लगाने में शामिल किया था.
पुलिस की जांच के मुताबिक, हत्याओं का पहला चरण 16 अक्टूबर से शुरू हुआ. इंदुशेखर और सुनीता के बीच अक्सर झगड़े होते थे. दोनों की शादी को करीब 20 साल हो चुके थे और उनकी उम्र में लगभग 12 साल का अंतर था. पुलिस का कहना है कि सुनीता कथित तौर पर कई बार पति की मर्दानगी पर सवाल उठाती थी और उसे अपमानित करती थी. बताया जाता है कि उसने तीन से चार बार इस तरह की बातें कहीं, जिनमें कुछ मौकों पर सार्वजनिक रूप से भी आरोपी को अपमानित किया गया था. इससे वह काफी नाराज और आहत था.
14 अक्टूबर को दोनों के बीच एक बार फिर विवाद हुआ. इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर सुनीता की हत्या की योजना बना ली. पुलिस के मुताबिक, उसने इसके लिए नींद की गोलियां, प्लास्टिक के बैग और रस्सियां खरीदीं. 16 अक्टूबर की रात उसने घर में नॉनवेज खाना तैयार किया और शराब भी पी. आरोप है कि उसने सुनीता को दी गई शराब में नशीली गोली मिला दी. सुनीता के बेहोश होने के बाद उसने ग्राइंडर के पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. इस दौरान उसकी नाबालिग बेटी ने कथित तौर पर पूरी वारदात देखी.
हत्या के बाद आरोपी ने सुनीता के शव को प्लास्टिक के बैग में पैक करके बेडरूम में रख दिया. अगले दिन यानी 17 अक्टूबर को सुनीता की मां रूपावती ने अपनी बेटी से कई बार संपर्क करने की कोशिश की. जब उसका फोन बंद मिला तो उन्होंने अपने दामाद इंदुशेखर को फोन किया. आरोपी ने उन्हें बताया कि सुनीता घर पर ही है और उन्हें मिलने के लिए बुला लिया. 18 अक्टूबर को रूपावती बेंगलुरु के भाष्यम सर्कल के पास स्थित उसके घर पहुंचीं. जब उन्होंने बेटी के बारे में पूछा तो आरोपी ने कथित तौर पर टालमटोल वाले जवाब दिए.
पुलिस के अनुसार, इसके बाद इंदुशेखर की नाबालिग बेटी ने अपनी दादी रूपावती को नॉनवेज खाना और शराब परोसी. जब रूपावती खाना खा रही थीं, उसी दौरान आरोपी ने टीवी की आवाज तेज कर दी. इसके बाद पीछे से ग्राइंडर के पत्थर से उनके सिर पर वार कर दिया. इस हमले में रूपावती की भी मौत हो गई. पिता और बेटी ने कथित तौर पर उनके शव को भी प्लास्टिक के बैग में पैक कर दिया. 19 अक्टूबर की रात दोनों शवों को कार में रखकर ले जाया गया और तमिलनाडु में सलेम और धर्मपुरी के बीच घाट क्षेत्र में ठिकाने लगा दिया गया. आरोपी ने कथित तौर पर दोनों महिलाओं के मोबाइल फोन अपने पास रख लिए थे.
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर को शिवकुमार ने अपनी बहन सुनीता और मां रूपावती से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दोनों का फोन नहीं लगा. इसके बाद उसने अपने जीजा इंदुशेखर को फोन किया. आरोपी ने उसे बताया कि सुनीता और रूपावती कहीं घूमने गई हैं. उसने शिवकुमार को अपने घर आने और साथ में खाना खाने का न्योता भी दिया. 24 अक्टूबर को शिवकुमार अपनी पत्नी दिव्या और बेटे पुनीत के साथ आरोपी के घर पहुंच गया. उसे अंदाजा भी नहीं था कि वह अपने परिवार के साथ किस खतरे में कदम रख रहा है.
पुलिस की जांच के मुताबिक, आरोपी ने शिवकुमार और दिव्या को नॉनवेज खाना परोसा और शराब में नींद की गोलियां मिला दीं. खाना खाने के बाद दिव्या और पुनीत बेडरूम में सोने चले गए, जबकि शिवकुमार हॉल में सो गया. इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर इंतजार किया कि सभी गहरी नींद में चले जाएं. फिर उसने ग्राइंडर के पत्थर से शिवकुमार के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी. उसकी नाबालिग बेटी ने कथित तौर पर शव को पैक करने में मदद की और उसे किचन में रख दिया.
25 अक्टूबर की सुबह दिव्या की नींद खुली और वह वॉशरूम जाने के लिए कमरे से बाहर आई. जब उसने अपने पति के बारे में पूछा तो आरोपी ने कथित तौर पर उस पर भी ग्राइंडर के पत्थर से हमला कर दिया. दिव्या की चीख सुनकर उनका बेटा पुनीत कमरे से बाहर आ गया. आरोप है कि आरोपी ने पुनीत की भी हत्या कर दी. इसके बाद पिता और बेटी ने दिव्या और पुनीत के शवों को भी प्लास्टिक के बैग में पैक कर दिया. इस तरह दूसरे चरण में तीन लोगों की हत्या कर दी गई.
27 अक्टूबर को आरोपी अपनी बेटी के साथ कार में तीनों शव लेकर निकला. उसने शिवकुमार और दिव्या के शवों को मैसूरु में चामुंडी हिल्स की तलहटी के पास ठिकाने लगा दिया. हालांकि, पुनीत के शव को वह बेंगलुरु वापस ले आया और कार की डिक्की में रख दिया. पुलिस के मुताबिक, परिवार को गुमराह करने के लिए आरोपी ने दिव्या के मोबाइल फोन से उसकी मां को मैसेज भी भेजा. इस मैसेज में दावा किया गया कि परिवार के लोग घूमने के लिए बाहर गए हुए हैं.
पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर को शंकर ने अपनी बहन, मां और शिवकुमार से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी का फोन नहीं लगा. इसके बाद उसने इंदुशेखर को फोन किया. आरोपी ने उसे बताया कि पूरा परिवार कहीं घूमने गया हुआ है. उसने शंकर और उसके परिवार को भी अपने घर खाने पर बुला लिया. 1 नवंबर को शंकर अपनी पत्नी नलिनी और बेटे यतीन के साथ आरोपी के घर पहुंचा. यहां आरोपी ने कथित तौर पर उन्हें भी नॉनवेज खाना और नींद की गोलियां मिली शराब दी.
पुलिस के अनुसार, खाना खाने के बाद शंकर और नलिनी सो गए, लेकिन नींद की गोलियों का असर आरोपी की उम्मीद के मुताबिक नहीं हुआ. शंकर शराब पीने के कारण गहरी नींद में था, जबकि यतीन जाग रहा था. इसी दौरान यतीन पेशाब करने के लिए कमरे से बाहर आया. आरोपी उस समय नलिनी पर हमला करने की तैयारी कर रहा था. उसने कथित तौर पर नलिनी के सिर पर ग्राइंडर के पत्थर से वार किया. नलिनी ने चीखने की कोशिश की तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया और दोबारा हमला किया.
आवाज सुनकर यतीन ने अपने चाचा से पूछा कि क्या हुआ है. आरोपी ने उसे कथित तौर पर बताया कि कुछ नहीं हुआ और दो मिनट के लिए बाहर इंतजार करने को कहा. इसके बाद उसने सो रहे शंकर के सिर पर भी ग्राइंडर के पत्थर से वार कर दिया. इस हमले में शंकर और नलिनी की मौत हो गई. दोनों के शवों को प्लास्टिक के बैग में पैक कर दिया गया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी की योजना यतीन की भी हत्या करने की थी, लेकिन शवों को ठिकाने लगाने की जल्दबाजी में उसने उस समय इस योजना को टाल दिया.
पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर की सुबह इंदुशेखर ने शंकर और नलिनी के शवों को कार में रखा और उन्हें कर्नाटक के शिराडी घाट के पास ठिकाने लगा दिया. इसके बाद उसने कार की डिक्की में पहले से रखे पुनीत के शव को भी निकाला और नंदी हिल्स के पास फेंक दिया. इस दौरान यतीन भी आरोपी के साथ मौजूद था. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यतीन कथित तौर पर अपने ही माता-पिता के शवों को ठिकाने लगाए जाने के दौरान आरोपी के साथ था. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पूरी वारदात में नाबालिग बच्चों की क्या भूमिका रही और उनके साथ क्या-क्या हुआ.
जांचकर्ताओं के मुताबिक, इंदुशेखर ने हत्याओं को तीन चरणों में अंजाम देने की योजना बनाई थी. पुलिस इस कथित योजना को 2+3+3 पैटर्न के रूप में देख रही है. पहले चरण में पत्नी सुनीता और सास रूपावती को निशाना बनाया गया. दूसरे चरण में साले शिवकुमार, उसकी पत्नी दिव्या और उनके बेटे पुनीत की हत्या की गई. तीसरे चरण में शंकर और उसकी पत्नी नलिनी की हत्या की गई, जबकि उनके बेटे यतीन को मारने की योजना कथित तौर पर टाल दी गई. इस तरह आरोपी पर कुल सात लोगों की हत्या का आरोप है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का तरीका भी लगभग एक जैसा था. वह पहले पीड़ितों को खाने या शराब के जरिए नींद की गोलियां अथवा नशीली दवाएं देता था. इसके बाद उनके बेहोश होने या गहरी नींद में जाने का इंतजार करता था. फिर ग्राइंडर के पत्थर से सिर पर हमला कर उनकी हत्या कर देता था. शवों को प्लास्टिक के बैग में पैक करके कार की डिक्की में रखा जाता था. इसके बाद रात के समय सुनसान इलाकों में जाकर शवों को फेंक दिया जाता था.
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें