मूली और चावल के आटे से बनाएं बिहार की फेमस मुरौरी, चाय के साथ खाकर भूल जाएंगे पकौड़े का स्वाद
मूली और चावल के आटे से बनाएं बिहार की फेमस मुरौरी, चाय के साथ खाकर भूल जाएंगे पकौड़े का स्वाद

सर्दियों का मौसम आते ही मूली से बनने वाले डिशेज की मांग बढ़ जाती है. अक्सर लोग मूली से अचार, पराठे, सब्जी और सलाद जैसी चीजें बनाकर खाते हैं. लेकिन क्या आपने कभी मूली से बनने वाली मुरौरी खाई है? अगर नहीं, तो बिहार और यूपी में बनने वाली इस डिश को एक बार जरूर ट्राई करें. मुरौरी को कई जगह पर मूली की कचौड़ी भी कहा जाता है. इस रेसिपी को मैदे या गेहूं के आटे से नहीं, बल्कि चावल के आटे और कद्दूकस की हुई मूली से तैयार किया जाता है. यूट्यूब चैनल Navnita Ki Rasoi पर इस स्पेशल रेसिपी को शेयर की गई है. इसे अगर आप एक बार बनाएंगे, तो 3 से 4 दिनों तक आराम से खा सकते हैं. यहां जानते हैं इस रेसिपी को बनाने का तरीका क्या है?
वीडियो में देखें पूरी रेसिपी...
मूली और मसालों से तैयार करें बेस
इस ट्रेडिशनल रेसिपी के लिए करीब 400 ग्राम मूली को धोकर छील लें और मीडियम साइज में कद्दूकस कर लें. एक पैन में एक कप पानी गर्म करें और उसमें कलौंजी, अजवाइन, बारीक कटी हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ अदरक, नमक और थोड़ा सा तेल डालें. चाहें तो रंग और स्वाद बढ़ाने के लिए चिली फ्लेक्स भी मिला सकते हैं.
अब कद्दूकस की हुई मूली डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें और ढककर 6 से 7 मिनट तक पकाएं. इससे मूली नरम हो जाएगी और अपना प्राकृतिक पानी छोड़ देगी.
चावल के आटे से तैयार करें सॉफ्ट डो
जब मूली अच्छी तरह पक जाए, तब उसमें थोड़ा-थोड़ा करके लगभग डेढ़ कप चावल का आटा मिलाएं. ध्यान रखें कि आटा एक साथ न डालें, वरना गांठें बन सकती हैं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाने के बाद मिश्रण को 5 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें. इसके बाद इसे एक बड़े बर्तन में निकाल लें और हल्का ठंडा होने पर बारीक कटा हरा धनिया मिलाकर आटे की तरह गूंध लें. अगर मिश्रण हाथों में चिपके तो थोड़ा सा तेल लगा सकते हैं.
इस तरह तैयार करें कुरकुरी मुरौरी
आटे की बड़ी-बड़ी लोइयां बनाकर तेल लगे चकले पर मध्यम मोटाई में बेल लें. फिर किसी कटोरी या गिलास की मदद से गोल आकार में काट लें. इससे सभी मुरौरी एक जैसी और आकर्षक दिखेंगी. कढ़ाही में तेल गर्म करें और मीडियम फ्लेम पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें. तलते समय हल्के हाथ से दबाने पर मुरौरी अच्छी तरह फूल जाती है और बेहद कुरकुरी बनती है.
चाय, रायता या चटनी के साथ उठाएं मजा
गरमा-गरम मुरौरी को रायता, लहसुन की चटनी या टमाटर की चटनी के साथ परोसें. इसका कुरकुरा स्वाद और मूली की हल्की खुशबू इसे साधारण पकौड़ों से भी ज्यादा खास बना देती है. अगर आप सर्दियों में कुछ नया और ट्रेडिशनल ट्राई करना चाहते हैं, तो बिहार की यह फेमस मुरौरी जरूर बनाकर देखें.
ये भी पढ़ें - बिना धूप के बनाएं चटपटा मिर्ची का अचार, दाल-चावल जैसे सिंपल खाने का भी बढ़ा देगा स्वाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें