'परमात्मा को जानता है तू' कहकर निकाली पिस्तौल और परमजीत पर चला दीं गोलियां, पार्किंग विवाद मर्डर का CCTV आया

राष्ट्रीय समाचार

'परमात्मा को जानता है तू' कहकर निकाली पिस्तौल और परमजीत पर चला दीं गोलियां, पार्किंग विवाद मर्डर का CCTV आया

12 नवंबर 2026 को 07:37 am बजे
'परमात्मा को जानता है तू' कहकर निकाली पिस्तौल और परमजीत पर चला दीं गोलियां, पार्किंग विवाद मर्डर का CCTV आया
CCTV में कैद हुआ परमजीत धनखड़ हत्याकांड
NDTV (सीसीटीवी फुटेज से स्क्रीनशॉट)
  • CCTV में कैद हुआ पूरा मर्डर, हाथ जोड़कर समझाते रहे परमजीत धनखड़, फिर चलीं गोलियां
  • पुलिस चौकी में धमकी, कुछ घंटे बाद हत्या
  • धमकी से हत्या तक, वीडियो में दिखा पूरा घटनाक्रम
फरीदाबाद:

धनतेरस की शाम फरीदाबाद के सेक्टर-21C में हुए चर्चित परमजीत धनखड़ हत्याकांड से जुड़ा CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें मुख्य आरोपी मोनू शर्मा परमजीत धनखड़ को पार्किंग विवाद पर बातचीत के बहाने घर से नीचे बुलाता दिखाई दे रहा है. वीडियो में दोनों के बीच कुछ मिनट तक बातचीत होती है, जिसके बाद आरोपी अचानक पिस्तौल निकालकर फायरिंग शुरू कर देता है. इस वारदात में नौ गोलियां लगने से धनखड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा शौर्य बाल-बाल बच गया.

CCTV में कैद हुआ हत्या से पहले का पूरा घटनाक्रम

सामने आए CCTV फुटेज को NDTV ने देखा वीडियो में दिखाई दे रहा है कि आरोपी मोनू शर्मा परमजीत धनखड़ को पहली मंजिल स्थित फ्लैट से नीचे बुलाता है. धनखड़ अपने बेटे शौर्य के साथ पार्किंग एरिया में पहुंचते हैं, जहां दोनों के बीच बातचीत शुरू होती है. वीडियो के अनुसार मोनू शर्मा पहले धनखड़ से कहता है, 'विधवा क्या होती है, आप जानते हो?' इस पर परमजीत उससे पूछते हैं कि आखिर बात क्या है. आरोपी जवाब देता है कि उस दिन उसे तीन लोगों से पिटवाया गया है.

पार्किंग में बात करते हुए मोनू और धनखड़

पार्किंग में बात करते हुए मोनू और धनखड़
Photo Credit: सीसीटीवी वीडियो का स्क्रीनशॉट

फुटेज में परमजीत धनखड़ हाथ जोड़कर अपनी बात समझाने की कोशिश करते दिखाई देते हैं. वह लगातार कहते हैं कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कराया. इस दौरान उनका बेटा भी बातचीत में बोलने की कोशिश करता है, लेकिन परमजीत उसे बीच में रोक देते हैं.

'तू परमात्मा को जानता है?' और फिर निकाली पिस्तौल

वीडियो में आगे दिखाई देता है कि मोनू शर्मा शौर्य को भी आगे आने का इशारा करता है और कहता है, 'तू भी आगे आ.' इसके बाद वह परमजीत धनखड़ से कहता है, 'परमात्मा को जानता है तू?' इसी बातचीत के दौरान आरोपी अचानक अपनी जेब से पिस्तौल निकालता है और बिना चेतावनी के फायरिंग शुरू कर देता है. गोलियां चलते ही शौर्य वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल हो जाता है.

गोली मारते हुए आरोपी

गोली मारते हुए आरोपी
Photo Credit: NDTV (सीसीटीवी फुटेज)

गिरते-पड़ते मदद मांगने पहुंचे, फिर चलाईं चार और गोलियां

फुटेज में आगे दिखाई देता है कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद परमजीत धनखड़ सोसायटी के मुख्य गेट की ओर मदद मांगने के लिए बढ़ते हैं. इसी दौरान पीछे से मोनू शर्मा वहां पहुंच जाता है. धनखड़ आखिरी कोशिश करते हुए आरोपी काे पकड़ लेते हैं और उसे नीचे गिरा देते हैं. तभी उनकी मां भी मौके पर पहुंचती हैं और बहू को आवाज लगाने लगती हैं. इसी बीच आरोपी एक बार फिर पिस्तौल निकालता है और परमजीत धनखड़ पर चार और गोलियां दाग देता है. फायरिंग के बाद आरोपी कथित तौर पर गाली देते हुए 'हैप्पी दिवाली' कहता है और वहां से फरार हो जाता है. 

गेट के पास आरोपी को दबोचते हुए धनखड़

गेट के पास आरोपी को दबोचते हुए धनखड़
Photo Credit: NDTV

पुलिस चौकी में मिली थी जान से मारने की धमकी

पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्या से कुछ घंटे पहले ही परमजीत धनखड़ आरोपी के खिलाफ शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि वहां मोनू शर्मा ने कथित तौर पर कहा था, 'मैं आज रात तुम्हें जिंदा नहीं छोड़ूंगा.' इसके बावजूद मामले को समझौते से सुलझाने की कोशिश की गई. परिजनों और दोस्तों का आरोप है कि यदि उस समय आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती तो यह हत्या टाली जा सकती थी.

आखिरी में गोली मारते हुए आरोपी

आखिरी में गोली मारते हुए आरोपी
Photo Credit: सीसीटीवी वीडियो से

बेटे से हुए विवाद के बाद बढ़ा था तनाव

पुलिस के अनुसार दोनों परिवारों के बीच पार्किंग को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. हालिया तनाव तब बढ़ा जब धनखड़ के बेटे शौर्य ने पार्किंग के टूटे हुए गेट की मरम्मत को लेकर मोनू शर्मा से बात की. आरोप है कि इस दौरान मोनू ने कहा, 'मैं बच्चों से बात नहीं करता, अपने पिता को भेजो.' इसके बाद धनखड़ स्वयं शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंचे थे.

मुख्य आरोपी गिरफ्तार

सूरजकुंड थाना पुलिस ने शौर्य धनखड़ की शिकायत पर मोनू शर्मा उर्फ मोहन, उसकी पत्नी दिव्या, बेटे मयंक, बेटी नैना और भाई हेतराम के खिलाफ मामला दर्ज किया है. वहीं मुख्य आरोपी मोनू शर्मा पुलिस की गिरफ्त में है.

यह भी पढ़ें : धनतेरस के दिन टेक महिंद्रा के एशिया हेड की 9 गोलियां मारकर हत्या; फरीदाबाद में डॉग और पार्किंग विवाद पर बवाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Faridabad Murder, Cctv Video, Parking Dispute, Parking Dispute Firing, Murder CCTV Footage
शेयर करें
हिंदी खबर नेटवर्क पर पढ़ें ताज़ा हिंदी समाचार।