फिर घुटनों पर आया पाकिस्तान, टीम इंडिया की FIH प्रो लीग में बड़ी जीत

खेल

फिर घुटनों पर आया पाकिस्तान, टीम इंडिया की FIH प्रो लीग में बड़ी जीत

27 जून 2026 को 06:50 am बजे
फिर घुटनों पर आया पाकिस्तान, टीम इंडिया की FIH प्रो लीग में बड़ी जीत

भारतीय हॉकी टीम ने एफआईएच प्रो लीग 2025-26 में पाकिस्तान के खिलाफ ऐसा प्रदर्शन किया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा. शुरुआती गोल से पिछड़ने के बावजूद भारत ने जबरदस्त वापसी करते हुए पाकिस्तान को 7-1 से रौंद डाला. 26 जून (शुक्रवार) को लंदन के ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में खेले गए इस हाईवोल्टेज मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने हर विभाग में पाकिस्तान को पूरी तरह मात दी.

यह जीत सिर्फ तीन अंक हासिल करने तक सीमित नहीं रही, बल्कि भारत ने अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी को यह भी याद दिला दिया कि पिछले एक दशक से एशियाई हॉकी में उसका दबदबा क्यों कायम है. खास बात यह रही कि इंग्लैंड के खिलाफ शूटआउट में मिली हार के महज 24 घंटे बाद भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए अपने फैन्स को जश्न मनाने का मौका दिया. भारतीय टीम के लिए सुखजीत सिंह (20वें मिनट), हरमनप्रीत सिंह (26वें मिनट), हार्दिक सिंह (34वें मिनट), जुगराज सिंह (35वें  मिनट), अभिषेक (41वें  मिनट), राज कुमार पाल (44वें  मिनट) और दिलप्रीत सिंह (54वें  मिनट) ने गोल दागे.

𝐃𝐀𝐁𝐃𝐀𝐁𝐀 𝐓𝐇𝐀. 𝐇𝐀𝐈. 𝐀𝐔𝐑 𝐑𝐀𝐇𝐄𝐆𝐀. 🇮🇳⚔️🇵🇰 Goals off penalty corners, a penalty stroke & stunning field efforts, topped up by unforgettable celebrations — this FIH Hockey Pro League clash had everything that makes Indian hockey special. 🏑💙 The Men in Blue… pic.twitter.com/91prjfkpFL

मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और लगातार हमले किए. हालांकि शुरुआती तीन पेनल्टी कॉर्नर गंवाने के बाद भारत को झटका लगा. 13वें मिनट में पाकिस्तान को मिले पेनल्टी कॉर्नर पर कप्तान अबू महमूद ने जोरदार ड्रैग-फ्लिक लगाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. लेकिन पाकिस्तान की यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी. दूसरे क्वार्टर में भारत ने अपना असली रंग दिखाया. पेनल्टी कॉर्नर पर सुखजीत सिंह ने शानदार डिफ्लेक्शन के जरिए बराबरी का गोल दाग दिया. इसके कुछ ही मिनट बाद हरमनप्रीत ने खुद पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी.

तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने ऐसा तूफानी खेल दिखाया कि पाकिस्तान पूरी तरह बिखर गया. भारत ने लगातार चार गोल दागकर मुकाबले को एकतरफा बना दिया. पहले पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल हुआ, फिर पाकिस्तान के पेनल्टी कॉर्नर को नाकाम करने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार काउंटर अटैक खेला, जिसका अंत जुगराज सिंह के गोल के साथ हुआ. इसके बाद अभिषेक ने शानदार रिवर्स हिट से गोल किया, जबकि राज कुमार पाल ने भी अपना नाम स्कोरशीट में दर्ज कराया. सिर्फ 15 मिनट के भीतर चार गोल खाकर पाकिस्तान की टीम पूरी तरह मैच से बाहर हो गई.

चौथे क्वार्टर में भी भारत ने आक्रामक रवैया नहीं छोड़ा. 54वें मिनट में मंदीप सिंह ने बाएं फ्लैंक से शानदार मूव बनाया और दिलप्रीत सिंह को पास दिया, दिलप्रीत ने गेंद को बेहतरीन तरीके से नियंत्रित करते हुए गोल में पहुंचा दिया और स्कोर 7-1 कर दिया. इसके बाद पाकिस्तान ने कुछ पेनल्टी कॉर्नर जरूर हासिल किए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया.

पाकिस्तानी खिलाड़ी पहुंचा हॉस्पिटल मैच के दौरान पाकिस्तान को एक और बड़ा झटका लगा जब डिफेंडर अहमद नदीम गेंद लगने से चोटिल हो गए. गेंद सीधे उनकी आंख के पास लगी, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़कर अस्पताल ले जाना पड़ा. पाकिस्तान के कोच ख्वाजा मोहम्मद जुनैद ने बताया कि खिलाड़ी की स्थिति का एक्स-रे कराया जाएगा.

भारत प्रो लीग की अंकतालिका में 17 पॉइंट्स के साथ सातवें नंबर पर हैं. वहीं पाकिस्तान के लिए इस सीजन में पहली जीत का इंतजार और लंबा हो गया. भारत अब 28 जून को इंग्लैंड के खिलाफ अपने अंतिम प्रो लीग मुकाबले में उतरेगा. पाकिस्तान पर मिली यह ऐतिहासिक जीत ना सिर्फ टीम का आत्मविश्वास बढ़ाएगी, बल्कि यह संदेश भी देगी कि भारतीय हॉकी टीम बड़े मुकाबलों में दबाव झेलना और जोरदार वापसी करना अच्छी तरह जानती है.

शेयर करें
हिंदी खबर नेटवर्क पर पढ़ें ताज़ा हिंदी समाचार।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Hyderabad News: 58 हजार करोड़ से बदलेगी मूसी नदी की सूरत, लंदन की टेम्स की तर्ज पर बनेगा रिवरफ्रंट

बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: पहले दिन 100 करोड़ पार 'टॉक्सिक', शाहरुख और रणवीर सिंह की इन फिल्मों का तोड़ डाला रिकॉर्ड

Toxic Box Office Collection Day 1: यश की टॉक्सिक ने पहले दिन कमाए 140 करोड़, जवान और एनिमल को छोड़ा पीछे