26 साल शादी का इंतजार, फिर बिछड़ गया एक्ट्रेस का प्यार!

मनोरंजन

26 साल शादी का इंतजार, फिर बिछड़ गया एक्ट्रेस का प्यार!

27 जुलाई 2026 को 08:13 am बजे
26 साल शादी का इंतजार, फिर बिछड़ गया एक्ट्रेस का प्यार!

टीवी और फिल्मों की जानी-मानी एक्ट्रेस शगुफ्ता अली ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर ऐसा दर्द बयां किया है, जिसे सुनकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं. एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने 26 साल तक अपने प्यार का इंतजार किया, लेकिन किस्मत ने हर बार उनका साथ नहीं दिया. शादी की तारीख तय होती और कोई न कोई ऐसी घटना हो जाती कि सब कुछ टल जाता. आखिरकार जिस शख्स से वो बेइंतहा मोहब्बत करती थीं, उनका बीमारी की वजह से निधन हो गया था.

शगुफ्ता ने बताया कि उन्होंने और उनके पार्टनर ने कई बार शादी करने का प्लान बनाया, लेकिन हर बार कोई न कोई मुसीबत सामने आ गई.

सिद्धार्थ कनन को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा- ये कोई कहानी नहीं है, सच है. जब भी सोचते थे कि इस महीने शादी कर लेंगे, कभी उनका एक्सीडेंट हो जाता, कभी मेरा. कभी मैं शूटिंग में बिजी रहती, तो वो अपने बिजनेस में. कभी मैं आउटडोर शूट पर होती और वो लंदन में. एक बार तो सब तय था, लेकिन उनके परिवार में अचानक परेशानी आ गई और उन्हें जाना पड़ गया. देखते-देखते 26 साल इंतजार में निकल गए.

अपनी जिंदगी का दर्द बयां करते हुए शगुफ्ता ने हंसते-हंसते खुद पर तंज भी कस दिया. उन्होंने कहा- मैं मीना कुमारी हूं. ट्रैजिडी क्वीन. मेरी लव स्टोरी सैड, घर की स्टोरी सैड, करियर की स्टोरी भी सैड... एकदम बेचारी हूं मैं.

उन्होंने बताया कि उनके पार्टनर के दुनिया छोड़ने के बाद उनका शादी से भी पूरी तरह मन उठ गया. शगुफ्ता ने बताया कि जिस इंसान से वो सबसे ज्यादा प्यार करती थीं, उसकी गंभीर बीमारी से मौत हो गई. उस सदमे ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया.

उन्होंने कहा- मैं बता नहीं सकती वो एहसास क्या था. मैं डिप्रेशन में नहीं गई क्योंकि मेरी मां ने मुझे संभाल लिया, लेकिन मैं बहुत अकेली हो गई थी. वो खालीपन कोई नहीं भर सकता. मैं बहुत रोती थी.

एक्ट्रेस ने बताया कि जहां उनकी मां हर कदम पर उनके साथ खड़ी रहीं, वहीं कुछ लोगों ने उनके दर्द को भी नहीं समझा. उन्होंने कहा- कुछ दोस्तों ने कहा कि क्या ड्रामा कर रही हो. मैंने उनसे कहा, अगर मैं ड्रामा भी कर रही हूं तो मुझे मेरे हाल पर छोड़ दो. मुझे जैसे जीना है, जीने दो.

शगुफ्ता ने साफ कहा कि उन्होंने कभी आत्महत्या करने के बारे में नहीं सोचा, लेकिन जिंदगी में एक वक्त ऐसा जरूर आया जब लगा कि अब बहुत हो चुका है. उन्होंने माना कि उन्होंने अपनी जिंदगी में एक के बाद एक कई मुश्किलें देखी हैं.

शगुफ्ता अली ने बताया कि वो कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से भी जंग लड़ चुकी हैं. इतना ही नहीं, आज भी उन्हें रात में सोने के लिए नींद की गोलियों का सहारा लेना पड़ता है.

इतने संघर्ष और दर्द के बावजूद शगुफ्ता अली ने हार नहीं मानी. वो 59 की उम्र में अपनी गोद ली हुई बेटियों और मां के साथ हंसी खुशी से जिंदगी गुजार रही हैं. उनकी कहानी इस बात की मिसाल है कि जिंदगी कितनी भी मुश्किल क्यों न हो, इंसान हिम्मत के दम पर आगे बढ़ सकता है.

शगुफ्ता ससुराल सिमर का, वीर की अरदास वीरा जैसे हिट सीरियल्स समेत कई फिल्मों- सिर्फ तुम, लैला मजनू, हीरो न. 1 का भी हिस्सा रह चुकी हैं.

शेयर करें
हिंदी खबर नेटवर्क पर पढ़ें ताज़ा हिंदी समाचार।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Hyderabad News: 58 हजार करोड़ से बदलेगी मूसी नदी की सूरत, लंदन की टेम्स की तर्ज पर बनेगा रिवरफ्रंट

बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: पहले दिन 100 करोड़ पार 'टॉक्सिक', शाहरुख और रणवीर सिंह की इन फिल्मों का तोड़ डाला रिकॉर्ड

Toxic Box Office Collection Day 1: यश की टॉक्सिक ने पहले दिन कमाए 140 करोड़, जवान और एनिमल को छोड़ा पीछे