पलभर में उजड़ा परिवार: मां की तेरहवीं में आई महिला और बेटे को ट्रक ने कुचला

राष्ट्रीय समाचार

पलभर में उजड़ा परिवार: मां की तेरहवीं में आई महिला और बेटे को ट्रक ने कुचला

26 जुलाई 2026 को 01:57 pm बजे
पलभर में उजड़ा परिवार: मां की तेरहवीं में आई महिला और बेटे को ट्रक ने कुचला

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं. अपनी मां की तेरहवीं में शामिल होने मायके आई महिला और उसके 11 वर्षीय बेटे की तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया.

यह हादसा कौड़िया थाना क्षेत्र के आर्यनगर चौराहे पर शुक्रवार देर रात करीब 11:50 बजे हुआ. पुलिस के मुताबिक ग्राम गंगादीनपुरवा थाना कटरा की रहने वाली रीता देवी उर्फ खुशबू अपने पति हरिओम जायसवाल और 11 वर्षीय बेटे लकी के साथ अपनी मां की तेरहवीं में शामिल होने आई थीं. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार के लोग घर के बाहर बैठे थे. तभी बहराइच की ओर से आ रहा तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक उन्हें कुचलता हुआ निकल गया.

घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रख लगाया जाम हादसे में रीता देवी और उनके बेटे लकी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति हरिओम जायसवाल ने किसी तरह छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए. आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया, जिससे कुछ देर तक यातायात बाधित रहा.

सूचना मिलते ही थाना कौड़िया पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया. इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. सीओ करनैलगंज आनंद राय ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और चालक को हिरासत में लिया गया है. परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

शेयर करें
हिंदी खबर नेटवर्क पर पढ़ें ताज़ा हिंदी समाचार।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Hyderabad News: 58 हजार करोड़ से बदलेगी मूसी नदी की सूरत, लंदन की टेम्स की तर्ज पर बनेगा रिवरफ्रंट

बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: पहले दिन 100 करोड़ पार 'टॉक्सिक', शाहरुख और रणवीर सिंह की इन फिल्मों का तोड़ डाला रिकॉर्ड

Toxic Box Office Collection Day 1: यश की टॉक्सिक ने पहले दिन कमाए 140 करोड़, जवान और एनिमल को छोड़ा पीछे