'मैं नहीं चाहता वो मर जाएं', सोनम वांगचुक की हालत देख बोले 'चतुर' ओमी

राष्ट्रीय समाचार

'मैं नहीं चाहता वो मर जाएं', सोनम वांगचुक की हालत देख बोले 'चतुर' ओमी

14 जुलाई 2026 को 09:10 am बजे
'मैं नहीं चाहता वो मर जाएं', सोनम वांगचुक की हालत देख बोले 'चतुर' ओमी

बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म '3 Idiots' में 'चतुर रामलिंगम' उर्फ 'साइलेंसर' का यादगार किरदार निभाने वाले ओमी वैद्य ने एक वीडियो शेयर कर लोगों से खास अपील की है. उन्होंने इंजीनियर सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर अपनी राय दी. एक्टर ने बताया कि उनकी हालत खराब है वो पिछले 15 दिन से अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर हैं. ओमी ने एक वीडियो शेयर कर अपना दुख जाहिर किया और कहा कि मैं नहीं चाहता वो मर जाएं.

ओमी वैद्य ने फिल्म के 'फुंसुक वांगड़ू' यानी उस किरदार का जिक्र करते हुए कहा- मैं नहीं चाहता फुंसुक वांगड़ू मर जाए. इसके बाद उन्होंने अपना परिचय देते हुए कहा कि वो 3 इडियट्य के वही 'चतुर' हैं और आज एक जरूरी संदेश देना चाहते हैं.

ओमी ने बताया कि फिल्म में आमिर खान का फुंसुक वांगड़ू वाला किरदार असल जिंदगी के इंजीनियर, आविष्कारक और शिक्षक सोनम वांगचुक से प्रेरित था. उन्होंने कहा कि उनकी सोनम से मुलाकात हो चुकी है और वो बेहद सादगी पसंद और समाज के लिए काम करने वाले इंसान हैं. ओमी ने लोगों से सोनम वांगचुक की हालत पर ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि वो लंबे समय से भूख हड़ताल पर हैं, कई हफ्तों से उन्होंने खाना नहीं खाया और उनका ब्लड शुगर लेवल भी काफी गिर गया है. उनके मुताबिक, ये मुद्दा बेहद गंभीर है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए.

ओमी वैद्य ने बताया कि सोनम वांगचुक शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही, लद्दाख के लोगों के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि हर किसी की राय अलग हो सकती है, लेकिन वो इतना जरूर जानते हैं कि एक ऐसे इंसान को मरते हुए नहीं देख सकते जिसने समाज के लिए इतने अच्छे काम किए हैं.

ओमी ने लोगों से अपील की कि अगर वो उनकी मांगों से सहमत हों तो सोशल मीडिया पर उनकी बात आगे बढ़ाएं, उनके पोस्ट शेयर करें, जनप्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों तक ये मुद्दा पहुंचाएं ताकि इस पर बातचीत हो सके.

वीडियो के आखिर में ओमी वैद्य ने भावुक अंदाज में कहा कि हम अपनी जिंदगी में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि आसपास क्या हो रहा है, उस पर ध्यान नहीं दे पाते. उन्होंने लोगों से अपील की कि थोड़ा समय निकालकर इस मुद्दे को समझें और अगर संभव हो तो अपनी आवाज उठाएं. ओमी ने कहा- उनके ट्वीट रीट्वीट कीजिए, बात कीजिए, सरकार तक अपनी बात पहुंचाइए. इस मुद्दे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

सोनम वांगचुक पिछले काफी समय से लद्दाख से जुड़े संवैधानिक और पर्यावरणीय मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. उनकी प्रमुख मांगों में लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची के तहत सुरक्षा देना, स्थानीय लोगों के अधिकारों की रक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सरकारी नौकरियों व राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दे शामिल हैं. इन मांगों को लेकर उन्होंने कई बार पदयात्रा और अनशन किया है. उनके आंदोलन और हिरासत में लिए जाने जैसे घटनाक्रमों को लेकर राजनीतिक बहस भी होती रही है. हालांकि सरकार का कहना रहा है कि लद्दाख के विकास और वहां के लोगों के हितों के लिए लगातार काम किया जा रहा है, जबकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

शेयर करें
हिंदी खबर नेटवर्क पर पढ़ें ताज़ा हिंदी समाचार।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Hyderabad News: 58 हजार करोड़ से बदलेगी मूसी नदी की सूरत, लंदन की टेम्स की तर्ज पर बनेगा रिवरफ्रंट

बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: पहले दिन 100 करोड़ पार 'टॉक्सिक', शाहरुख और रणवीर सिंह की इन फिल्मों का तोड़ डाला रिकॉर्ड

Toxic Box Office Collection Day 1: यश की टॉक्सिक ने पहले दिन कमाए 140 करोड़, जवान और एनिमल को छोड़ा पीछे