दिल्ली के छात्र ध्यान दें, CJP प्रोटेस्ट के कारण कुछ स्कूलों में हाइब्रिड मोड में होगी क्लास
दिल्ली के छात्र ध्यान दें, CJP प्रोटेस्ट के कारण कुछ स्कूलों में हाइब्रिड मोड में होगी क्लास

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) का विरोध प्रदर्शन इन दिनों चल रहा है. इस विरोध प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित हो रही है. प्रदर्शन के चलते मध्य दिल्ली के कई स्कूलों के छात्र प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें स्कूल जाने और वहां से घर आने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में मध्य दिल्ली के कई स्कूलों ने क्लास और परिवहन व्यवस्था में बदलाव किया है. हुमायूं रोड स्थित आर.एस. जूनियर मॉडर्न स्कूल ने एक आदेश जारी कर कहा है कि नर्सरी से कक्षा पांच तक की पढ़ाई 24 जुलाई से अगले आदेश तक हाइब्रिड मोड यानी ऑफलाइन और ऑनलाइन में होगी.
आदेश के अनुसार घर से जो बच्चे क्लास लेंगे, उन्हें स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर माइक्रोसॉफ्ट टीम्स के जरिए क्लास में शामिल होना होगा. इसी तरह से सरदार पटेल विद्यालय ने मंगलवार और बुधवार को ऑनलाइन क्लास संचालित करने के बाद गुरुवार से नियमित ऑफलाइन क्लास फिर शुरू कर दीं.
स्कूल बसों के बदले जा सकते हैं मार्ग
हालांकि, स्कूल ने यातायात प्रतिबंध वाले क्षेत्रों में रहने वाले छात्रों के बच्चों के माता-पिता से परिवहन कर्मचारियों से बात करने और आवश्यकता पड़ने पर बच्चों को स्कूल या निर्धारित स्थान से लेने की सलाह दी है. आदेश में कहा गया है कि सुरक्षा कारणों से बसों के मार्ग बदले जा सकते हैं.
बता दें कि विरोध-प्रदर्शन के चलते मध्य दिल्ली की कई सड़कें प्रभावित हो रही हैं. दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशन के गेटों को बंद करना पड़ रहा है. ऐसे में स्कूल जाने वाले बच्चों पर भी इसका असर पड़ रहा है. जिन भी छात्रों के स्कूल मध्य दिल्ली में हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वो घर से निकलने से पहले एक बार अपने स्कूल से संपर्क कर लें. अगर ऑफलाइन का ऑप्शन हो तो, घर से ही अपनी क्लास लें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें