IND vs ENG: टीम इंडिया को बीच मैच में लगा झटका, पहला ODI जिताने वाला स्टार पूरी सीरीज से बाहर
IND vs ENG: टीम इंडिया को बीच मैच में लगा झटका, पहला ODI जिताने वाला स्टार पूरी सीरीज से बाहर


भारतीय टीम के लिए इंग्लैंड का दौरा सिर्फ नतीजों ही नहीं बल्कि खिलाड़ियों की फिटनेस के कारण भी एक सिरदर्द साबित हो रहा है. टी20 सीरीज के दौरान चोट के कारण हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती बाहर हो गए. फिर वनडे सीरीज के पहले मैच में कप्तान शुभमन गिल को ‘रिटायर हर्ट’ होना पड़ा. अब दूसरे वनडे मैच में टीम के ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर भी चोट की चपेट में आ गए, जिसके चलते वो लॉर्ड्स में होने वाले सीरीज के आखिरी मैच से बाहर हो गए.
बैटिंग के दौरान सुंदर को लगी चोट
कार्डिफ में गुरुवार 16 जुलाई को खेले गए भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज के दूसरे मैच में बैटिंग के दौरान बाएं हाथ के बल्लेबाज सुंदर को चोट लगी. भारतीय पारी में विराट कोहली के आउट होने के बाद सुंदर छठे नंबर पर बैटिंग के लिए उतरे. मगर वो सिर्फ 4 बॉल का ही सामना कर सके थे कि उनके पैर में दौड़ते समय कुछ परेशानी उभर आई. इसके चलते टीम इंडिया के फिजियो को मैदान पर उतरना पड़ा और उन्होंने सुंदर को कुछ पट्टी लगाई.
मगर इसका कोई फायदा नहीं हुआ और शायद दर्द ज्यादा था, जिसका असर सुंदर पर दिखा. अगली ही गेंद पर वो पुल शॉट खेलने की कोशिश में विकेटकीपर को आसान सा कैच दे बैठे. इस तरह सिर्फ 5 गेंद खेलकर सुंदर पवेलियन लौट गए. सुंदर इसके बाद मैदान पर दोबारा नहीं उतरे और फील्डिंग के लिए भी उपलब्ध नहीं थे. ऐसे में टीम इंडिया को उनकी गेंदबाजी का इस्तेमाल करने का मौका भी नहीं मिला.
सीरीज के आखिरी मैच से भी हुए बाहर
अब PTI की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि सुंदर की चोट गंभीर है और वो लॉर्ड्स में 19 जुलाई को खेले जाने वाले आखिरी वनडे मैच में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. यानि वो सीरीज से बाहर हो गए हैं और उनकी वापसी में वक्त लग सकता है. सुंदर की चोट टीम इंडिया के लिए झटका है क्योंकि पहले मैच में उन्होंने ही अक्षर पटेल के साथ मिलकर नाबाद शतकीय साझेदारी की थी और बेहतरीन अर्धशतक जमाकर टीम इंडिया को जीत तक पहुंचाया था.
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें