‘हनुमान अंश’ ने ‘टॉक्सिक’ को दी टक्कर! भारी पड़ा 2 करोड़ी फिल्म का चमत्कार?

मनोरंजन

‘हनुमान अंश’ ने ‘टॉक्सिक’ को दी टक्कर! भारी पड़ा 2 करोड़ी फिल्म का चमत्कार?

31 अगस्त 2026 को 10:00 am बजे
‘हनुमान अंश’ ने ‘टॉक्सिक’ को दी टक्कर! भारी पड़ा 2 करोड़ी फिल्म का चमत्कार?

बॉक्स ऑफिस की दुनिया में हमेशा बड़ी फिल्म ही बड़ी बाजी मारे, ऐसा जरूरी नहीं होता. कभी-कभी छोटा बजट, कम शो और बिना बड़े स्टार के शुरू हुई फिल्म धीरे-धीरे ऐसा खेल पलटती है कि बड़े-बड़े बजट वाली फिल्मों की चमक फीकी नजर आने लगती है. इन दिनों ‘हनुमान अंश’ और यश की ‘टॉक्सिक’ के आंकड़े कुछ ऐसी ही कहानी सुना रहे हैं. अब इसे चमत्कार कहें या कराए गए भंडारों का फल लेकिन 'हनुमान अंश' यश की 'टॉक्सिक' को कई मायनों में पछाड़ती दिख रही है. जानें कैसे?

एक तरफ 7 अगस्त को रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ है, जिसका बजट करीब 2 करोड़ बताया जा रहा है. दूसरी तरफ 26 अगस्त को सिनेमाघरों में आई यश की ‘टॉक्सिक’ है, जिसे करीब 500 करोड़ के भारी-भरकम बजट में बनाया गया बताया जा रहा है. ‘टॉक्सिक’ की रिलीज और करीब 500 करोड़ के बजट की रिपोर्टिंग कई मीडिया आउटलेट्स ने की है.

अब सवाल है- इन दोनों आखिर किस बात का कम्पैरिजन किया जा रहा है?

जवाब इतना सीधा नहीं है. कमाई में ‘टॉक्सिक’ बहुत आगे, लेकिन बजट का खेल पलट देता है पूरा हिसाब.

पहले सीधे कमाई के आंकड़ों पर नजर डालते हैं. ‘हनुमान अंश’ ने 24 दिनों में भारत में 40.13 करोड़ नेट कमा लिए हैं. फिल्म की खास बात यह है कि इसकी शुरुआत बेहद मामूली रही थी. पहले दिन फिल्म ने सिर्फ 10 लाख कमाए थे. लेकिन इसके बाद कहानी धीरे-धीरे बदलती गई.

24वें दिन यानी चौथे रविवार को फिल्म ने 12.75 करोड़ की शानदार कमाई की. इससे एक दिन पहले फिल्म ने 9.25 करोड़ कमाए थे. यानी एक ही दिन में करीब 37.8 फीसदी का उछाल देखने को मिला. और यही आंकड़ा इस फिल्म की सबसे बड़ी कहानी है.

दूसरी ओर, यश की ‘टॉक्सिक’ ने रिलीज के सिर्फ पांच दिनों में भारत में 214.10 करोड़ नेट का आंकड़ा छू लिया है. पांचवें दिन फिल्म ने 23 करोड़ कमाए. वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 285.20 करोड़ तक पहुंच गया है.

यानी अगर सिर्फ कुल कमाई देखेंगे तो मुकाबला एकतरफा है- ‘टॉक्सिक’ बहुत आगे है. लेकिन असली ट्विस्ट यहां आता है.

‘हनुमान अंश’ का बजट करीब 2 करोड़ है. इसके मुकाबले फिल्म की 40.13 करोड़ इंडिया नेट कमाई उसके बजट की लगभग 20 गुना है. दूसरी तरफ ‘टॉक्सिक’ का रिपोर्टेड बजट करीब 500 करोड़ है और पांच दिनों में उसकी इंडिया नेट कमाई 214.10 करोड़ है.

यानी ‘टॉक्सिक’ ने पांच दिन में जितना पैसा कमाया है, वह बहुत बड़ा आंकड़ा है, लेकिन फिल्म अभी अपने बताए गए बजट के बराबर नहीं पहुंची है. वहीं ‘हनुमान अंश’ ने अपने छोटे बजट के मुकाबले बेहद बड़ा बॉक्स ऑफिस रिटर्न दिखाया है. यही वजह है कि कमाई में ‘टॉक्सिक’ का आंकड़ा बड़ा है, लेकिन बजट के मुकाबले रिटर्न की कहानी ‘हनुमान अंश’ को बेहद मजबूत दावेदार बना देती है और बादशाहत कायम करती है.

हालांकि इसे सीधे-सीधे ‘500 करोड़ की फिल्म फ्लॉप और 2 करोड़ की फिल्म सुपरहिट’ कहना अभी जल्दबाजी होगी. बॉक्स ऑफिस नेट कलेक्शन और फिल्म के वास्तविक मुनाफे में अंतर होता है. थिएटर शेयर, डिस्ट्रीब्यूशन, प्रमोशन और अन्य लागतें भी मायने रखती हैं.

यहां एक और बड़ा फर्क समझना जरूरी है. ‘हनुमान अंश’ को 40.13 करोड़ इंडिया नेट तक पहुंचने में 24 दिन लगे हैं, जबकि ‘टॉक्सिक’ ने सिर्फ 5 दिनों में 214.10 करोड़ नेट कमा लिए हैं.

इसलिए अगर सवाल है कि कौन तेजी से पैसा कमा रही है? तो जवाब साफ है- ‘टॉक्सिक’. फिल्म ने पहले ही दिन 101.10 करोड़ नेट की ओपनिंग की थी. इसके बाद दूसरे दिन 37.65 करोड़, तीसरे दिन 27.20 करोड़, चौथे दिन 25.15 करोड़ और पांचवें दिन 23 करोड़ कमाए.

यह एक मेगा-स्केल रिलीज का असर भी दिखाता है. पांचवें दिन ‘टॉक्सिक’ के पास भारत में 16,241 शोज थे. वहीं ‘हनुमान अंश’ की शुरुआत सिर्फ 355 शोज से हुई थी और पहले दिन इसकी ऑक्यूपेंसी 10 फीसदी थी. यानी एक फिल्म पहले दिन से ही हजारों स्क्रीन्स और शोज के दम पर मैदान में उतरी, जबकि दूसरी ने बेहद छोटे स्तर से शुरुआत की और बाद में दर्शकों की प्रतिक्रिया के दम पर अपनी रफ्तार बढ़ाई.

यहीं ‘हनुमान अंश’ की कहानी दिलचस्प हो जाती है. फिल्म ने पहले हफ्ते में सिर्फ 1.08 करोड़ कमाए. दूसरे हफ्ते में भी सिर्फ 40 लाख आए. लेकिन तीसरे हफ्ते में तस्वीर अचानक बदल गई और फिल्म ने 10.40 करोड़ कमा डाले.

इसके बाद चौथे हफ्ते के शुरुआती तीन दिनों में ही फिल्म ने- शुक्रवार: 6.25 करोड़, शनिवार: 9.25 करोड़, रविवार: 12.75 करोड़ यानी सिर्फ तीन दिनों में 28.25 करोड़. पहले दिन 10 लाख से शुरू हुई फिल्म का चौथे रविवार को 12.75 करोड़ तक पहुंचना अपने आप में असाधारण उछाल है.

फिल्म को एक स्लीपर हिट के तौर पर रिपोर्ट किया है और इसकी सफलता के पीछे वर्ड ऑफ माउथ का बड़ा रोल बताया है. कई और रिपोर्ट में भी फिल्म के छोटे बजट और बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को खास तौर पर रेखांकित किया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने सीमित प्रमोशन के बावजूद दर्शकों के बीच पकड़ बनाई और सिनेमाघरों में तीसरे हफ्ते के बाद भी मजबूत प्रदर्शन किया.

दूसरी तरफ ‘टॉक्सिक’ की कहानी है स्टार पावर और मेगा स्केल की

‘टॉक्सिक’ को यश की लोकप्रियता का जबरदस्त फायदा मिला है. ‘KGF: Chapter 2’ के बाद यश की बड़े पर्दे पर वापसी को लेकर पहले से ही भारी उत्सुकता थी. फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसे बड़े नाम भी हैं. फिल्म ने इसी हाइप को बॉक्स ऑफिस पर कैश किया और पहले दिन ही ₹101.10 करोड़ इंडिया नेट कमा डाले.

लेकिन पांचवें दिन 23 करोड़ तक आना यह भी दिखाता है कि शुरुआती तूफान के बाद फिल्म की रफ्तार नीचे आई है. पांचवें दिन की कमाई चौथे दिन के ₹25.15 करोड़ से करीब 8.5 फीसदी कम रही. फिर भी पांच दिन में 214.10 करोड़ नेट और 285.20 करोड़ वर्ल्डवाइड ग्रॉस कोई छोटा आंकड़ा नहीं है.

शेयर करें

📌 संबंधित खबरें

हिंदी खबर नेटवर्क पर पढ़ें ताज़ा हिंदी समाचार।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Hyderabad News: 58 हजार करोड़ से बदलेगी मूसी नदी की सूरत, लंदन की टेम्स की तर्ज पर बनेगा रिवरफ्रंट

बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: पहले दिन 100 करोड़ पार 'टॉक्सिक', शाहरुख और रणवीर सिंह की इन फिल्मों का तोड़ डाला रिकॉर्ड

Toxic Box Office Collection Day 1: यश की टॉक्सिक ने पहले दिन कमाए 140 करोड़, जवान और एनिमल को छोड़ा पीछे