35 लाख की IT जॉब छोड़ बॉयफ्रेंड संग दुनिया घूमने निकली यूपी की लड़की, अब सोशल मीडिया से कमा रहे 1 करोड़
35 लाख की IT जॉब छोड़ बॉयफ्रेंड संग दुनिया घूमने निकली यूपी की लड़की, अब सोशल मीडिया से कमा रहे 1 करोड़

Viral Video: आईटी सेक्टर में कुल 35 लाख रुपये सालाना वाली फुल टाइम नौकरी छोड़ने के बाद डिजिटल कंटेंट क्रिएटर मुस्कान मित्तल और आशीष गुप्ता ने अपनी कमाई का खुलासा कर दिया है. पिछले कुछ दिनों में उन्होंने इंस्टाग्राम पर दो वीडियो अपलोड किए हैं, जिसमें उन्होंने अपनी तीनों सालों की कुल कमाई बताई है. साथ ही उन्होंने लोगों को यह भी बताया है कि वे इस मुकाम तक कैसे पहुंचे हैं. इंस्टाग्राम (muskaan_aashish) पर 6.36 लाख फॉलोअर्स वाले इस कपल के इन दोनों वीडियो को अब तक 3.6 मिलियन (36 लाख) से ज्यादा लोग देख चुके हैं. इन वीडियोज पर हजारों लाइक्स हैं और लोग पहली बार इस तरह की ट्रांसपेरेंसी के लिए उनका शुक्रगुजार कर रहे हैं.
पहले साल 15 हजार, दूसरे में 45 लाख कमाए
पहला वीडियो 27 जुलाई को अपलोड किया गया था. इस वीडियो में ट्रैवल ब्लॉगर आशीष और मुस्कान बताते हैं, 'हम पिछले तीन सालों से कंटेंट क्रिएटर हैं. कंटेंट बनाने से पहले, हम दोनों टेक इंडस्ट्री में काम करते थे. मैं (आशीष) एक डेटा एनालिस्ट था और मेरी इन-हैंड सैलरी 12 लाख रुपये थी. जबकि मुस्कान एक सॉफ्टवेयर डेवलपर थीं, जिनकी टेक-होम सैलरी सालाना 23 लाख रुपये थी. हमने मई 2023 में कंटेंट बनाना शुरू किया और अक्टूबर में हमें 15000 रुपये का पहला पेड कोलैबोरेशन मिला. हम तब भी इसे पार्ट-टाइम ही कर रहे थे और उस साल हमने कुल 6.5 लाख रुपये कमाए. दूसरे साल में, हमने एक एजेंसी के साथ साइन-अप किया और असल में पैसे आने शुरू हो गए. हमने एफिलिएट के जरिए भी कमाई शुरू की और अपनी पहली ग्रुप ट्रिप भी ऑर्गनाइज की. उस साल हमने लगभग 45.3 लाख रुपये कमाए.'
तीसरे साल की कमाई 1 करोड़ से ज्यादा
कपल बताते हैं, 'तीसरा साल हमारे लिए अब तक का सबसे अच्छा साल रहा. हमने एजेंसी छोड़ दी क्योंकि हमें लगा कि वहां हमारी सही वैल्यू नहीं मिल रही थी. हमने दूसरे क्रिएटर्स से बात की और YouTube और Facebook पर प्लेटफॉर्म मोनेटाइजेशन शुरू किया. हमने अपना पहला डिजिटल प्रोडक्ट बेचा, एफिलिएट मार्केटिंग जारी रखी और एक ग्रुप ट्रिप भी की. उस साल हमने 1.1 करोड़ रुपये कमाए. और इस साल की पहली तिमाही में ही, जो आमतौर पर इस इंडस्ट्री में सबसे धीमी तिमाही होती है, हमने 21 लाख रुपये कमाए हैं.' मुस्कान और आशीष ने अपनी वीडियो में ये साफ किया है कि इन आंकड़ों में उनके खर्च शामिल नहीं हैं.
ब्रांड्स से ज्यादा पैसे कैसे निकलवाएं? कपल ने दिए 4 गुरुमंत्र
4 अगस्त को पोस्ट किए गए दूसरे वीडियो में मुस्कान और आशीष ने कंटेंट क्रिएशन का काम करने वाले लोगों को ब्रांड नेगोशिएशन (Brand Negotiation) के कुछ टिप्स दिए हैं, जिसने उनकी भी अच्छा पैसा कमाने में खूब मदद की है.
- जब कोई ब्रांड कमर्शियल्स मांगे, तो सीधे पैसे बताने के बजाय उनसे पहले डिलीवरेबल्स, यूसेज रेट, टाइमलाइन और बजट की जानकारी मांगें.
- अगर कोई छोटा ब्रांड कम पैसे ऑफर करे, तो अपना रेट गिराने के बजाय काम कम कर दें. जैसे 2 रील की जगह 1 रील का ऑफर दें.
- अगर ब्रांड 60 दिन बाद पेमेंट की बात कहे, तो 50% एडवांस और 50% काम पूरा होने के 30 दिन के भीतर का नियम तय करें.
- अगर कोई ब्रांड 5000 रुपये में रील, स्टोरी और जिंदगी भर का यूसेज राइट मांगे, तो उन्हें विनम्रता से मना कर दें. अपनी वैल्यू कभी कम न होने दें.
'कुछ नया शुरू करने की कोई उम्र नहीं होती'
उत्तर प्रदेश के एक छोटे से शहर से ताल्लुक रखने वाली मुस्कान मानती हैं कि सोशल मीडिया पर 25 साल की उम्र में शादी करने का फैसला शायद 'अनकूल' माना जाता हो, लेकिन उन्हें अपने फैसले पर कोई पछतावा नहीं है. पारंपरिक सोच के खिलाफ जाकर उन्होंने अपनी जिंदगी के नियम खुद तय किए हैं. एक तरफ जहां कॉर्पोरेट कंपनियों में छंटनी का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे माहौल में मुस्कान और आशीष की यह कहानी साबित करती है कि नौकरी छोड़ने या कोई नया करियर शुरू करने की कोई 'सही उम्र' नहीं होती. यह बस आपके और आपके हालात के हिसाब से सही होना चाहिए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें