नेपाल के 3 दिन के दौरे पर इंडियन आर्मी चीफ, गोरखा भर्ती पर हो सकती है अहम चर्चा

धर्म

नेपाल के 3 दिन के दौरे पर इंडियन आर्मी चीफ, गोरखा भर्ती पर हो सकती है अहम चर्चा

17 अगस्त 2026 को 08:11 am बजे
नेपाल के 3 दिन के दौरे पर इंडियन आर्मी चीफ, गोरखा भर्ती पर हो सकती है अहम चर्चा
नेपाल के 3 दिन के दौरे पर इंडियन आर्मी चीफ, गोरखा भर्ती पर हो सकती है अहम चर्चा
नेपाल के दौरे पर इंडियन आर्मी चीफ जनरल धीरज सेठ (Photo: IANS)
  • इंडियन आर्मी चीफ जनरल धीरज सेठ 17-19 अगस्त को नेपाल दौरे पर हैं.
  • इस दौरे में रक्षा सहयोग बढ़ाने के साथ गोरखा भर्ती और अग्निवीर योजना पर बातचीत अहम है.
  • जनरल सेठ नेपाली सेना प्रमुख से मिलेंगे और शिवपुरी में अधिकारियों को संबोधित करेंगे.
नई दिल्ली:

भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ 17 से 19 अगस्त तक नेपाल के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे. इस दौरे का मकसद भारत और नेपाल के बीच रक्षा सहयोग और दोनों सेनाओं के संबंधों को और मजबूत करना है. आज यानी 17 अगस्त को जनरल धीरज सेठ काठमांडू के टुंडीखेल स्थित आर्मी पवेलियन में शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे. इसके बाद उन्हें नेपाली सेना मुख्यालय में गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा.

जनरल धीरज सेठ, नेपाली सेना के प्रमुख से मुलाकात करेंगे. सैन्य संचालन महानिदेशक उन्हें आपसी हित के मुद्दों की जानकारी देंगे. इसके बाद जनरल धीरज सेठ राष्ट्रपति भवन में एक विशेष समारोह में शामिल होंगे.

भारत और नेपाल की सेनाओं के बीच चली आ रही परंपरा के तहत नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल जनरल धीरज सेठ को नेपाली सेना के मानद जनरल की उपाधि देंगे.

अग्निवीर और गोरखा भर्ती का मुद्दा

जनरल धीरज सेठ की ट्रिप के दौरान नेपाली गोरखाओं की भारतीय सेना में भर्ती का मुद्दा भी अहम हो सकता हैं. अग्निपथ योजना लागू होने के बाद 2022 से नेपाल से गोरखा युवाओं की नई भर्ती रुकी हुई है. नेपाल सरकार को अग्निवीरों की चार साल की सेवा और उसके बाद की स्थिति को लेकर आपत्तियां रही हैं.

भारत और नेपाल के बीच गोरखा सैनिकों की भर्ती का पुराना रिश्ता है. यह रिश्ता 1947 के भारत-नेपाल-ब्रिटेन के त्रिपक्षीय समझौते से भी जुड़ा है. वैसे इसी साल नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने कहा था कि उनका देश इस मुद्दे पर भारत के साथ फिर से बातचीत के लिए तैयार है. हालांकि, उन्होंने कहा था कि बातचीत शुरू करने की पहल भारत की ओर से होनी चाहिए.

हाल ही में नेपाल में पूर्व गोरखा सैनिकों और उनके समर्थकों ने भी भारतीय सेना में नेपाली युवाओं की अग्निवीर के तौर पर भर्ती फिर शुरू करने की मांग की है. ऐसे में जनरल धीरज सेठ का यह दौरा इस पुराने और महत्वपूर्ण मुद्दे पर बातचीत के लिए एक अहम मौका माना जा रहा है.

सेना के अधिकारियों से संवाद

18 अगस्त को जनरल धीरज सेठ शिवपुरी में चल रहे आर्मी कमांड एंड स्टाफ कोर्स के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करेंगे. वे प्रशिक्षकों और दूसरे देशों से आए प्रशिक्षु अधिकारियों से भी बातचीत करेंगे. इसके अलावा, जनरल धीरज सेठ नेपाल के सीनियर अधिकारियों से मुलाकात करेंगे. इस दौरान आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा होगी.

ये भी पढ़ें: भारत में अग्निवीरों की भर्ती लेकिन नेपाल में क्यों सड़क पर उतरे हजारों लोग?

पोखरा में पूर्व सैनिकों से मुलाकात

19 अगस्त को जनरल धीरज सेठ पोखरा में पूर्व सैनिकों की रैली में शामिल होंगे. वे वीर नारियों और वीरता पुरस्कार पाने वाले सैनिकों को सम्मानित करेंगे. भारतीय सेना के पूर्व सैनिकों से भी बातचीत करेंगे. इसके बाद, उनकी भारत वापसी होगी.

भारत-नेपाल के रिश्तों पर एक नजर

भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंध हैं. दोनों देशों के रिश्ते को अक्सर ‘रोटी-बेटी का रिश्ता' कहा जाता है. जनकपुर-अयोध्या और लुंबिनी-बोधगया के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध भी दोनों देशों को करीब लाते हैं. भारत और नेपाल लोकतांत्रिक मूल्यों और क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने की साझा सोच को महत्व देते हैं. ऐसे में जनरल धीरज सेठ का यह दौरा दोनों देशों के पुराने सैन्य संबंधों को और मजबूत करने का मौका देगा. इसके साथ ही, दोनों सेनाओं के बीच सहयोग के नए रास्ते तलाशने में मदद मिल सकती है.

ये भी पढ़ें: भारत-नेपाल की सीमा पर बोलकर कैसे फंसे PM बालेन शाह? जिन्होंने कुर्सी दिलाई वे भी खिलाफ

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nepal, Indian Army Chief Dheeraj Seth, India Nepal Relations, Gorkha, Agniveer
शेयर करें
हिंदी खबर नेटवर्क पर पढ़ें ताज़ा हिंदी समाचार।