'एनकाउंटर के नाम पर मर्डर', आजमगढ़ में योगी सरकार पर बरसे अबू आजमी
'एनकाउंटर के नाम पर मर्डर', आजमगढ़ में योगी सरकार पर बरसे अबू आजमी

समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी रविवार को आजमगढ़ पहुंचे और यहां उन्होंने योगी सरकार की एनकाउंटर नीति पर तीखा हमला बोला. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, "यह एनकाउंटर नहीं है, यह मर्डर है." उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर कार्रवाई संविधान और कानून के दायरे में होनी चाहिए.
आजमगढ़ दौरे के दौरान अबू आसिम आजमी शहर के कुर्मी टोला स्थित निजामाबाद के दिवंगत सपा विधायक आलम बदी आजमी के आवास पहुंचे. वहां उन्होंने दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि दी, परिजनों को सांत्वना दी और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर भी तीखी टिप्पणी की और कहा, "ओमप्रकाश राजभर छोटे आदमी हैं."
यह भी पढ़ें: आतंकवाद की जड़ कहां है? चिदंबरम-अबू आजमी को जम्मू-कश्मीर के एसपी का जरूरी जवाब
दिवंगत विधायक आलम बदी आजमी को याद करते हुए अबू आसिम आजमी ने उन्हें सादगी और जमीन से जुड़े रहने की मिसाल बताया. उन्होंने कहा कि आज के दौर में आलम बदी आजमी जैसे सादगी पसंद नेता बहुत कम देखने को मिलते हैं.
एनकाउंटर नीति पर बोलते हुए अबू आसिम आजमी ने कहा कि वास्तविक एनकाउंटर की स्थिति तभी मानी जा सकती है, जब अपराधी पुलिस पर हमला करे और पुलिस अपनी सुरक्षा में जवाबी कार्रवाई करे. उन्होंने कहा कि एनकाउंटर के नाम पर की जा रही कार्रवाई पर सवाल उठना चाहिए और सरकार को इसका जवाब देना चाहिए.
चुनावी गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर अबू आसिम आजमी ने कहा कि फिलहाल गठबंधन मजबूत है और उन्हें सरकार बनने का पूरा भरोसा है. उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में किसी दूसरे दल के साथ गठबंधन होगा या नहीं, इसका फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा.
यह भी पढ़ें: अबू आजमी का 'वंदे मातरम' गाने से इनकार, BJP ने सपा नेता के घर के बाहर किया प्रदर्शन
गौकशी के मुद्दे पर भी अबू आसिम आजमी ने अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि गाय काटने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और यहां तक कि फांसी की सजा का प्रावधान होना चाहिए. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर गाय को गौमाता का दर्जा दिया गया है, तो इससे जुड़ी नीति पूरे देश में एक समान होनी चाहिए. इस बात पर उन्होंने उत्तर-पूर्वी राज्यों और गोवा का उदाहरण देते हुए पूरे देश में समान कानून की बात कही.
ओमप्रकाश राजभर को लेकर पूछे गए सवाल पर अबू आसिम आजमी ने कहा कि वह उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेते और उन पर विश्वास भी नहीं करते. आजमगढ़ में उनके इस दौरे में श्रद्धांजलि, राजनीतिक बयान और कई मुद्दों पर उनकी राय साथ-साथ सामने आई.
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें