मुंबई के पीपी मार्ग का राजा बना हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल, 16 साल से गणराय की सेवा में जुटा खान परिवार

धर्म

मुंबई के पीपी मार्ग का राजा बना हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल, 16 साल से गणराय की सेवा में जुटा खान परिवार

14 सितंबर 2026 को 06:00 am बजे
मुंबई के पीपी मार्ग का राजा बना हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल, 16 साल से गणराय की सेवा में जुटा खान परिवार
कामाठीपुरा इलाके का प्रसिद्ध पीपी मार्ग राजा गणेश मंडल, जिसके अध्यक्ष अब्बास खान हैं.
NDTV
मुंबई:

मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में आज गणेशोत्सव की धूम है. यूपी, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात जैसे कई राज्यों में भी धूमधाम से प्रथमपूज्य गणपति की पूजा की जा रही है. NDTV पर गणपति पूजा की धूम की तमाम कवरेज आप देख ही रहे हैं, इस बीच कमाठीपुरा से हमें एक कहानी मिली, जो हिंदू-मुस्लिम एकता की बड़ी मिसाल है. दरअसल मुंबई के कामाठीपुरा इलाके में एक प्रसिद्ध गणेश मंडल है- पीपी मार्ग राजा गणेश मंडल. खास बात यह है कि यहां एक मुस्लिम परिवार वर्षों से गजानन की सेवा में समर्पित है. मंडल के अध्यक्ष अब्बास खान पिछले 16 साल से इस गणेशोत्सव से जुड़े हुए हैं और पूरी श्रद्धा के साथ इसकी जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

2009 से गणेशोत्सव की कमान संभाल रहे अब्बास खान

साल 2009 में मंडल की कमान संभालने के बाद से अब्बास खान ने गणेशोत्सव को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे सामाजिक एकता का मंच बनाने का प्रयास किया. मंडल के कार्यक्रमों में सभी धर्मों और समुदायों के लोग एक साथ शामिल होते हैं. गणेशोत्सव के दौरान मंडल में सेवा, सजावट, दर्शन व्यवस्था और सामाजिक उपक्रमों में हर वर्ग के लोग योगदान देते हैं.

मुंबई के कामाठीपुरा इलाके का प्रसिद्ध पीपी मार्ग राजा गणेश मंडल में स्थापित गणपति.

मुंबई के कामाठीपुरा इलाके का प्रसिद्ध पीपी मार्ग राजा गणेश मंडल में स्थापित गणपति.
Photo Credit: NDTV

पत्नी हसीना और बेटा साहिल भी गजानन की पूजा में निभाता है भागीदारी

अब्बास खान की पत्नी हसीना खान भी मंडल के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती हैं. गणेशोत्सव की तैयारियों से लेकर विभिन्न आयोजन और व्यवस्थाओं तक वह अपने पति का पूरा सहयोग करती हैं. परिवार की नई पीढ़ी भी इस परंपरा को आगे बढ़ा रही है. अब्बास खान के पुत्र साहिल खान भी मंडल में सक्रिय हैं और गणेशोत्सव के आयोजन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हैं.

सभी धर्म के लोग मिलजुल कर करते हैं पूजा में सहयोग

स्थानीय लोगों का कहना है कि पीपी मार्ग राजा गणेश मंडल केवल एक गणेश मंडल नहीं, बल्कि हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की जीवंत मिसाल है. यहां धर्म से अधिक महत्व इंसानियत और सामाजिक सद्भाव को दिया जाता है. मंडल में मुस्लिम समाज के लोग जहां पूरे उत्साह से सहभागिता करते हैं, वहीं बड़ी संख्या में हिंदू समाज के कार्यकर्ता भी कंधे से कंधा मिलाकर आयोजन को सफल बनाते हैं.

गणपति मंडल के अध्यक्ष अब्बास खान और उनके परिवार के लोग.

गणपति मंडल के अध्यक्ष अब्बास खान और उनकी पत्नी हसीना और अन्य लोग.
Photo Credit: NDTV

देश में समय-समय पर धार्मिक और साम्प्रदायिक मुद्दों पर राजनीति देखने को मिलती है, लेकिन ऐसे माहौल में पीपी मार्ग राजा गणेश मंडल का यह संदेश खास महत्व रखता है. अब्बास खान और उनका परिवार गणराय की सेवा के माध्यम से सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और सर्वधर्म समभाव का संदेश दे रहा है.

मुंबई की पहचान उसकी विविधता और गंगा-जमुनी संस्कृति रही है. पीपी मार्ग का राजा गणेश मंडल उसी संस्कृति को जीवंत रखे हुए है. यह कहानी केवल एक मुस्लिम परिवार की गणेश भक्ति की नहीं, बल्कि उस मुंबई की है जहां धर्म अलग हो सकते हैं, लेकिन दिल और भावनाएं एक होती हैं. गणेशोत्सव के इस मंच से दिया जा रहा हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश आज के दौर में समाज के लिए प्रेरणा बन गया है.

(पद्मेश पवार की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें - 66 किलो सोना, 335 किलो चांदी और 703 करोड़ का बीमा ! लालबागचा राजा नहीं, ये हैं मुंबई के सबसे अमीर बप्पा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ganesh Utsav, Ganesh Chaturathi
शेयर करें
हिंदी खबर नेटवर्क पर पढ़ें ताज़ा हिंदी समाचार।