युवती के कथित अपहरण से हड़कंप, कार ने कई गाड़ियों को मारी टक्कर, 6 घायल

राष्ट्रीय समाचार

युवती के कथित अपहरण से हड़कंप, कार ने कई गाड़ियों को मारी टक्कर, 6 घायल

17 सितंबर 2026 को 01:28 am बजे
युवती के कथित अपहरण से हड़कंप, कार ने कई गाड़ियों को मारी टक्कर, 6 घायल

बेंगलुरु में बुधवार शाम एक युवती के कथित अपहरण के बाद हंगामा मच गया. अग्रहारा दशरहल्ली से युवती को लेकर भाग रही गाड़ी का लोगों ने फिल्मी अंदाज में पीछा किया. इस दौरान कार ने कई बाइकों और अन्य गाड़ियों को टक्कर मारी. इस टक्कर में छह लोग घायल हो गए.

अग्रहरा दशरहल्ली से शुरू हुआ यह मामला विजयनगर होसहल्ली तक पहुंच गया. आरोप है कि युवती को जबरन कार में बैठाकर ले जाया जा रहा था. इस दौरान उनकी कार कई अन्य गाड़ियों से टकराई. इस हादसे में छह लोग घायल हुए हैं. बाद में स्थानीय लोगों ने कार का पीछा कर उस होसहल्ली के पास रोक लिया और युवती को बचाया.

युवती की पहचान 21 वर्षीय पूजा के रूप में हुई है. डीसीपी पश्चिम यतीश एन ने बताया कि राजस्थान के मेलवास गांव की पूजा ने करीब 8-9 महीने पहले इसी गांव के 23 वर्षीय ओम प्रकाश से परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर लव मैरिज कर ली थी. शादी के बाद दोनों बेंगलुरु आ गए और अग्रहारा दशरहल्ली इलाके में किराए पर रह रहे थे.

डीसीपी पश्चिम यतीश एन का कहना है कि पूजा के परिवार ने इस शादी को स्वीकार नहीं किया. और पूजा को घर वापस लाने के लिए परिवार ने चार लोगों को बेंगलुरु भेजा. आरोप है कि इस दौरान उन्होंने पूजा को उसके घर से जबरन कार में बैठाया और वहां से भागने लगे. इसी दौरान स्थानीय लोगों ने पूजा के चिल्लाने की आवाज सुनी और कार को रोकने की कोशिश की.

पुलिस का कहना है कि आरोपी रात करीब 8:00 बजे गाड़ी लापरवाही से चला रहे थे, तभी वे अन्य गाड़ियों से टकरा गए, जिससे छह लोग घायल हो गए. घायलों का अभी इलाज चल रहा है. घायलों में 12 साल के पृथ्वीराज, 9 साल की यशिका, 35 साल के अमूल, 64 साल के मणि, 57 साल की जयलक्ष्मी और 33 साल के संतोष शामिल है. इस हादसे में जयलक्ष्मी को सिर में चोट लगी है. फिलहाल वे ICU में भर्ती हैं.

यह भी पढ़ें: पंचायत ऑफिस के अंदर डबल मर्डर... प्रॉपर्टी विवाद में बाप-बेटी की बेरहमी से हत्या

वहीं, स्थानीय लोगों ने गाड़ी का पीछा किया और होसहल्ली के पास पत्थर मारकर उसे रोका. इसके बाद पूजा को गाड़ी से बाहर निकाला गया. पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया है. आरोपियों की पहचान राजस्थान निवासी 31 वर्षीय राकेश, 25 वर्षीय करण और 18 वर्षीय अयान के रूप में हुई. वहीं, कार चालक सद्दाम फरार बताया जा रहा है.

पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल हुंडई वेन्यू कार को भी जब्त कर लिया है. कार का रजिस्ट्रेशन नंबर RJ 22 CC 9691 है. डीसीपी पश्चिम यतीश एन का कहना है कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. मामले में पूजा समेत अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है. घटना में घायल सभी छह लोगों का इलाज जारी है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार रोकने की कोशिश करने वालों पर धारदार हथियारों से वार किया गया था, हालांकि पुलिस इस संबंध में जांच कर रही है.

शेयर करें
हिंदी खबर नेटवर्क पर पढ़ें ताज़ा हिंदी समाचार।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Hyderabad News: 58 हजार करोड़ से बदलेगी मूसी नदी की सूरत, लंदन की टेम्स की तर्ज पर बनेगा रिवरफ्रंट

बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: पहले दिन 100 करोड़ पार 'टॉक्सिक', शाहरुख और रणवीर सिंह की इन फिल्मों का तोड़ डाला रिकॉर्ड

Toxic Box Office Collection Day 1: यश की टॉक्सिक ने पहले दिन कमाए 140 करोड़, जवान और एनिमल को छोड़ा पीछे