पिता की उम्र 80 हुई तो बेटा बना हमसफर, VIDEO लोगों को कर रहा है इमोशनल
पिता की उम्र 80 हुई तो बेटा बना हमसफर, VIDEO लोगों को कर रहा है इमोशनल

किसी पिता ने पूरी जिंदगी अपने बच्चों के सपने पूरे करने में लगा दी. कभी उनकी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए अपनी इच्छाएं पीछे रखीं, तो कभी बच्चों की खुशी को ही अपनी खुशी मान लिया. लेकिन जब वही पिता 80 साल की उम्र में पहली बार आसमान में उड़ते हैं, तो बेटे की बारी होती है कि वह पिता की उन अधूरी ख्वाहिशों को पूरा करे, जो जिंदगी और जिम्मेदारियों की आपाधापी में कहीं पीछे छूट गईं.
सोशल मीडिया पर एक बेटे और पिता का ऐसा ही इमोशनल कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है. वजह है बेटे की वह कोशिश, जिसमें वह अपने 80 साल के पिता की उन दबी हुई ख्वाहिशों को पूरा कर रहा है, जिन्हें जिंदगी की जिम्मेदारियों के बीच शायद उन्होंने कभी खुद के लिए जीने का मौका ही नहीं दिया.
वीडियो में बेटा अपने 80 वर्षीय पिता को पहली बार हवाई सफर कराता नजर आ रहा है. विमान की खिड़की से बाहर बादलों को देखते पिता के चेहरे पर हैरानी, खुशी और बच्चों जैसी मासूमियत साफ दिखाई देती है.
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर श्रीकांत पांडे (@bhukkhad_musafir) ने शेयर किया है. श्रीकांत के मुताबिक, अब उनका मकसद पिता के उन अधूरे सपनों को पूरा करना है, जिन्हें उन्होंने पूरी जिंदगी परिवार की जरूरतों और इच्छाओं से ऊपर रखा. श्रीकांत ने बताया कि मां के कैंसर से निधन के बाद उन्हें एहसास हुआ कि जिंदगी बहुत छोटी है. इसके बाद उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी और अब अपने 80 साल के पिता के साथ यात्राएं कर रहे हैं. उनका मकसद पिता के उन सपनों को पूरा करना है, जिन्हें वे अपनी जिंदगी में पूरा नहीं कर पाए
श्रीकांत पांडे के इंस्टाग्राम पेज पर जाएंगे तो उनके और उनके पिता से जुड़ी ऐसी कई भावुक कर देने वाली वीडियो मिलेंगी. कहीं वह अपने पिता को देश के अलग-अलग मंदिरों के दर्शन कराते नजर आते हैं, तो कहीं उन्हें वंदे भारत ट्रेन से सफर कराते दिखते हैं.
A post shared by Bhukkhad Musafir | Shrikant Pandey (@bhukkhad_musafir)
एक कमेंट में श्रीकांत ने बताया कि वह इन पलों को सोशल मीडिया पर इसलिए शेयर करते हैं, ताकि आने वाली पीढ़ी भी इन्हें देख सके और समझ सके कि माता-पिता के साथ बिताया समय कितना खास होता है.
एक वीडियो में वह कहते हैं कि लोग उनके संस्कारों की बात करते हैं, लेकिन बच्चे पिता का ही स्वरूप होते हैं. वे वैसे ही बनते हैं, जैसे संस्कार उन्हें अपने पिता से मिलते हैं.
यह भी पढ़ें: पापा ने पहली बार देखा जहाज... 80 साल की उम्र में बेटे ने पूरा किया सपना
हाल ही में श्रीकांत अपने पिता को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से इंदौर की फ्लाइट में लेकर गए. यह उनके पिता का पहला हवाई सफर था.
वीडियो में पिता एयरपोर्ट पर पहली बार विमान को करीब से देखते नजर आते हैं. उनके चेहरे पर ऐसा भाव है, जैसे कोई बच्चा पहली बार अपनी आंखों के सामने कोई अद्भुत चीज देख रहा हो. वह खिड़की वाली सीट पर बैठकर बाहर आसमान और बादलों को देखते रहते हैं. कभी नीचे दिखाई दे रही छोटी-छोटी इमारतों को निहारते हैं, तो कभी चेहरे पर मुस्कान लिए खिड़की से बाहर देखते हैं.फ्लाइट में वह हाथ जोड़कर अभिवादन करते दिखते हैं. क्रू मेंबर्स भी उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हैं.श्रीकांत के वीडियो पर लोग अपने माता-पिता से जुड़ी भावनाएं साझा कर रहे हैं.
एक यूजर ने लिखा, 'माता-पिता से बड़ा कोई भगवान नहीं. भगवान आपको खुश रखे.' एक अन्य यूजर ने कहा, 'इस जेनरेशन में ऐसा बेटा मिलना बहुत दुर्लभ है.' वहीं एक यूजर ने लिखा कि उसका भी सपना है कि वह अपने माता-पिता को फ्लाइट में सफर कराए. एक कमेंट में लिखा गया, 'पैसे दोबारा कमाए जा सकते हैं, लेकिन माता-पिता के साथ समय नहीं.'
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें