सिर्फ 90 मिनट सोकर जीतिए लाखों, जापान में होने जा रही अनोखी ‘स्लीप रेस’
सिर्फ 90 मिनट सोकर जीतिए लाखों, जापान में होने जा रही अनोखी ‘स्लीप रेस’

अगर आपसे कहा जाए कि सिर्फ 90 मिनट सोने के बदले लाखों रुपये मिल सकते हैं, तो शायद आपको यकीन न हो. लेकिन जापान में ऐसा ही एक अनोखा कॉम्पिटिशन होने जा रहा है, जहां लोगों को दौड़ना, कूदना या कोई मुश्किल टास्क नहीं करना है. उन्हें बस बिस्तर पर लेटकर अच्छी नींद लेने की कोशिश करनी है. इस प्रतियोगिता का नाम ‘मैटरेस बाय कोआला’ (Mattrace by Koala) है. इसमें करीब 90 मिनट तक सोने वाले प्रतिभागियों की नींद को खास डिवाइस से मॉनिटर किया जाएगा. प्रतियोगिता के ओवरऑल विजेता को 222 लाख येन यानी करीब 13.7- 13.8 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा.
सिर्फ आंखें बंद करना काफी नहीं इस कॉम्पिटीशन में सिर्फ बिस्तर पर लेटकर आंखें बंद कर लेना काम नहीं आएगा. असली चैलेंज यह है कि आपकी नींद कितनी अच्छी रहती है. प्रतिभागियों को स्लीप-ट्रैकिंग डिवाइस पहनाया जाएगा. इसके जरिए यह देखा जाएगा कि वे कितनी जल्दी सोए, नींद कितनी गहरी रही, नींद की गुणवत्ता कैसी रही और पूरी 90 मिनट की अवधि में नींद कितनी स्थिर रही. इन अलग-अलग चीजों के आधार पर एक खास ‘स्लीप स्कोर’ तैयार किया जाएगा. इसी स्कोर के आधार पर प्रतियोगिता के विजेता का फैसला होगा. आयोजकों के मुताबिक इस स्कोरिंग सिस्टम को मेडिकल सुपरविजन में तैयार किया गया है.
सोने से पहले भी होगी तैयारी यह प्रतियोगिता इतनी आसान भी नहीं है कि आते ही बिस्तर पर लेटे और सो गए. प्रतियोगिता से पहले प्रतिभागियों के लिए खास ‘इनसोमनिया एक्सरसाइज’ नहीं, बल्कि नींद में जाने की तैयारी वाली ‘इनस्लीप एक्सरसाइज’ यानी ‘इनमिन टायसो’ जैसी तैयारी कराई जाएगी. इसका मकसद प्रतिभागियों को रिलैक्स करके नींद के लिए तैयार करना है. इसके अलावा प्रतिभागियों को अलग-अलग ‘स्लीप आइटम’ भी दिए जाएंगे. इन चीजों का उद्देश्य नींद के अनुभव में अलग-अलग परिस्थितियां पैदा करना है.
सोते समय भी होगा ‘स्लीप डिस्टर्बेंस’ अब प्रतियोगिता का सबसे मजेदार हिस्सा यही है. जब प्रतिभागी आराम से सो रहे होंगे, तब उनके सामने अचानक कुछ ‘स्लीप डिस्टर्बेंस’ यानी नींद में खलल डालने वाली स्थितियां पैदा की जाएंगी. इसका मकसद यह देखना है कि कौन व्यक्ति ऐसी रुकावटों के बावजूद अपनी नींद को बेहतर तरीके से बनाए रख पाता है. यानी यहां सिर्फ जल्दी सो जाना ही जरूरी नहीं है. अगर कोई व्यक्ति थोड़ी आवाज या किसी दूसरी परेशानी से तुरंत जाग जाता है, तो उसकी नींद प्रभावित हो सकती है.
यह पूरा कंपटीशन 5 अक्टूबर 2026 को टोक्यो के शेयर ग्रीन मिनामी आओयामा में आयोजित होगा. दिनभर में कुल तीन कंपटीशन होंगी और हर रेस में करीब 20 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे. हर रेस में वास्तविक नींद की प्रतियोगिता 90 मिनट की होगी. पहला कंपटीशन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक, दूसरी दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक और तीसरी शाम 5 बजे से 7 बजे तक निर्धारित है। इनमें आयोजन और प्रक्रिया के लिए अतिरिक्त समय भी शामिल है.
सिर्फ एक विजेता को ही नहीं मिलेगा इनाम इस प्रतियोगिता में ओवरऑल विजेता को 222 लाख येन का मुख्य पुरस्कार दिया जाएगा. इसके अलावा नींद के अलग-अलग पहलुओं के लिए विशेष पुरस्कार भी रखे गए हैं. उदाहरण के लिए, बहुत गहरी नींद लेने वाले प्रतिभागी के लिए ‘डीप स्लीप अवॉर्ड’ और खास या अलग सोने की पोजिशन के लिए ‘स्लीप फ्लिप अवॉर्ड’ जैसी कैटेगरी रखी गई हैं.
कौन ले सकता है हिस्सा? इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए उम्र कम से कम 20 साल होनी चाहिए. खास बात यह है कि प्रतिभागियों को प्रतियोगिता में फायदा लेने के लिए जानबूझकर पूरी रात जागने या जरूरत से ज्यादा नींद रोकने की अनुमति नहीं है. इसके अलावा नींद लाने वाली स्लीपिंग पिल या नींद सुधारने वाली दवाओं का इस्तेमाल करके प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की भी अनुमति नहीं है.
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें