'पापा' कहने के विवाद में युवक की हत्या, चाकुओं से गोदा
'पापा' कहने के विवाद में युवक की हत्या, चाकुओं से गोदा

दिल्ली से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां दोस्तों में मजाक में पापा कहने को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि चाकूबाजी हो गई. जिसमें एक युवक की मौत हो गई. इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
बताया जाता है कि 19 सितंबर को की रात को नरायणा पुलिस स्टेशन को DDU अस्पताल से सूचना मिली कि नरायणा गांव के रहने वाले 18 साल के सुमित गिरी को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था और उसे 'ब्रॉट डेड' घोषित कर दिया गया. इसके तुरंत बाद ही इंस्पेक्टर दीपक शर्मा अपनी टीम के साथ DDU अस्पताल पहुंचे और जांच शुरू की.
पापा कहने के विवाद के बाद घोंपा चाकू शुरुआती जांच में पता चला कि रात करीब 9:30 बजे, आरोपी अमन और नरसिंह, जो दोस्त हैं, मोटरसाइकिल से पायल सिनेमा की तरफ गए थे. नरायणा गांव लौटते समय, उनकी मुलाकात अपने परिचितों सुमित और अनिल सिंह के बेटे अमन से हुई. बातचीत के दौरान, अनिल सिंह के बेटे अमन ने मज़ाक में नरसिंह से उसे "पापा" कहने के लिए कहा. इसके बाद आरोपी अमन ने अनिल सिंह के बेटे अमन को चाकू से धमकाया.
वहीं सुमित ने इसका विरोध किया, जिससे सुमित और आरोपी अमन के बीच बहस हो गई. इसी बीच, उनका एक कॉमन दोस्त सरगम भी मौके पर पहुचा और झगड़ा रोकने की कोशिश की. जब झगड़ा बढ़ गया, तो आरोपी अमन ने कथित तौर पर सुमित को चाकू मार दिया. बीच-बचाव करने की कोशिश में सरगम को भी मामूली चोट आई.
शुरुआती जांच में यह भी पता चला कि चाकू मारने के बाद आरोपी अमन ने अपने छोटे भाई को मौके पर बुलाया. जिसके बाद आरोपी का छोटा भाई वहां पहुंचा और कथित तौर पर घायल सुमित को लात मारी और उसके साथ मारपीट की.
हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस अनिल सिंह के बेटे अमन ने सुमित के परिवार को घटना की जानकारी दी. जिसके बाद सुमित के माता-पिता मौके पर पहुंचे. फिर अनिल सिंह के बेटे अमन और सुमित के पिता सुमित को DDU अस्पताल ले गए, जहां उसे 'ब्रॉट डेड' घोषित कर दिया गया.
प्रत्यक्षदर्शी अनिल सिंह के बेटे अमन के बयान पर नरायणा पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया है. घटना में शामिल सभी लोग नरायणा गांव के रहने वाले हैं और एक-दूसरे को जानते हैं. कथित हमलावर और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की बारीकी से जांच की जा रही है.
घटनाक्रम का पूरा ब्यौरा पता लगाने और शामिल पाए गए सभी लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की कोशिशें जारी हैं.
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें