एलोवेरा का पौधा सूख रहा है तो क्या करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया एलोवेरा के पौधे को हरा-भरा कैसे रखें
एलोवेरा का पौधा सूख रहा है तो क्या करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया एलोवेरा के पौधे को हरा-भरा कैसे रखें

एलोवेरा का पौधा लगभग हर घर में होता है. इस पौधे की देखभाल करना काफी आसान होता है, साथ ही एलोवेरा को काफी फायदेमंद भी माना जाता है. लोग एलोवेरा जेल का इस्तेमाल स्किन केयर से लेकर अपने बालों और सेहत की देखभाल के लिए भी करते हैं. लेकिन कई बार आप घर में पौधा लगा तो लेते हैं, लेकिन ये ज्यादा बढ़ता नहीं है या पौधे की पत्तियां सूखने लगती हैं, पीली पड़ जाती हैं और पत्तों पर बड़े-बड़े काले धब्बे जैसे दिखने लगते हैं. अगर आपके पौधा के साथ भी ऐसा हो रहा है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. गार्डनिंग एक्सपर्ट सुदिप्ती ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने सूखते एलोवेरा को फिर से हरा-भरा करने और एलोवेरा के पौधे को घना बनाने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
एलोवेरा के पौधे को हरा-भरा कैसे रखें?
गार्डनिंग एक्सपर्ट बताती हैं, एलोवेरा की अच्छी ग्रोथ के लिए या पौधे को हरा-भरा बनाए रखने के लिए इसकी जड़ों का स्वस्थ होना बहुत जरूरी है. वहीं, पौधे की जड़ें तभी अच्छी रहेंगी जब मिट्टी अच्छी हो और मिट्टी में पानी जमा न हो. एलोवेरा के लिए बहुत ज्यादा चिकनी या सख्त मिट्टी ठीक नहीं होती है.
एलोवेरा के पौधे के लिए मिट्टी कैसे बनाएं?एक्सपर्ट कहती हैं, एलोवेरा के पौधे की मिट्टी तैयार करने के लिए सबसे पहले अपने इलाके की मिट्टी लें और उसे छान लें. इसमें करीब एक-तिहाई रेत मिलाएं. इसके बाद रेत से थोड़ी कम मात्रा में कंपोस्ट डालें. अगर पौधे को 3 घंटे से ज्यादा धूप मिलती है तो मिट्टी में कोकोपीट भी मिलाया जा सकता है. इसके अलावा थोड़ी मात्रा में नीम की खली डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. इतना करते ही आपके पौधे के लिए एकदम सही मिट्टी तैयार हो जाएगी.
एलोवेरा के पौधे को कितनी देर धूप में रखना चाहिए?सुदिप्ती बताती हैं, एलोवेरा कम रोशनी में जिंदा तो रह सकता है, लेकिन अच्छी ग्रोथ के लिए इस पौधे को धूप चाहिए होती है. इसलिए एलोवेरा के पौधे को ऐसी जगह रखें, जहां इसे 2, 4 या 6 घंटे तक सीधी धूप मिल सके. हालांकि, अगर बाहर बहुत ज्यादा गर्मी और तेज धूप है, तो आप पौधे को थोड़े समय के लिए अंदर रख सकते हैं.
एलोवेरा के पौधे को पानी कितना देना चाहिए?इसे लेकर एक्सपर्ट कहती हैं, इस पौधे को बहुत ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती है. एलोवेरा में जरूरत से ज्यादा पानी देने से जड़ों में सड़न और फंगस की समस्या बढ़ जाती है. इसलिए पौधे को केवल तब ही पानी दें, जब इसकी मिट्टी ऊपर से सुखी हुई लगे. अगर छूने पर मिट्टी में नमी दिखे, तो पौधे में पानी डालने से बचें.
एलोवेरा का पौधा सूख रहा है, तो क्या करें?गार्डनिंग एक्सपर्ट कहती हैं, अगर आपके एलोवेरा की पत्तियां सूख गई हैं और पौधा कमजोर दिख रहा है तो पहले उसकी सूखी और खराब पत्तियों को साफ करें. पौधे पर जितनी भी खराब पत्ती हैं, उन्हें काट दें. ऐसा करने से पौधा अपनी एनर्जी नई पत्तियां बनाने में लगाता है. खासकर पौधे के नीचे का हिस्सा साफ रखें, क्योंकि वहां पानी या मिट्टी जमा होने से सड़न और फंगस की समस्या हो सकती है. अगर पौधे के नीचे कोई गली हुई या खराब पत्ती दिखे, तो उसे काटकर अलग कर दें. अब, पौधे को धीरे से पुराने गमले से निकालें. निकालते समय जड़ों को नुकसान न पहुंचाएं.
पौधे को नए गमले में लगाने से पहले मिट्टी में पानी डालकर उसे थोड़ा बैठने दें. इसके बाद पौधे को गमले में लगाएं. पुराने पौधे को हल्का तिरछा कर गमले में लगाएं, ताकि जड़ों को ज्यादा जगह मिले और नए पप्स निकल सकें.
पौधा लगाने के बाद ऐसे रखें ध्यानपौधा लगाने के बाद उसे ऐसी जगह रखें जहां अच्छी रोशनी हो, लेकिन तुरंत सीधी तेज धूप न मिले. करीब दो दिन बाद आप उसे 2 से 3 घंटे की धूप वाली जगह पर रख सकते हैं. एलोवेरा की शिफ्टिंग शाम के समय करना बेहतर रहता है. इस तरह छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर आप अपने एलोवेरा के पौधे को फिर से हरा-भरा और घना बना सकते हैं. एक्सपर्ट कहती हैं, सही देखभाल करने से सूखते हुए पौधे में भी करीब दो महीने बाद नए पप्स दिखने लगते हैं और चार महीने के अंदर आपका पौधा खूब हरा-भरा, घना हो जाएगा.
यह भी पढ़ें- कड़ी पत्ते का पौधा सूख रहा है तो क्या करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया फ्री में पौधा हो जाएगा घना, बस कर लें ये काम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें