पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर पर फायरिंग, CCTV में ताबड़तोड़ गोलियां दागते दिखे बदमाश
पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर पर फायरिंग, CCTV में ताबड़तोड़ गोलियां दागते दिखे बदमाश

- पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के पैतृक घर पर बरनाला में बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की.
- फायरिंग देर रात एक से दो बजे के बीच हुई और घर के ऊपर सात से आठ राउंड गोलियां दागी गईं.
- फायरिंग की घटना के दौरान गुलाब सिद्धू घर पर नहीं थे क्योंकि वे किसी गाने की शूटिंग के लिए विदेश गए हुए हैं.
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के करीबी गुलाब सिद्धू के घर पर गोलीबारी का मामला सामने आया है. गुलाब सिद्धू भी पंजाबी सिंगर हैं. बरनाला में उनके पैतृक घर पर बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने गोलियां दागी. इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तीन बाइक पर चेहरा ढंके तीन बदमाश ताबड़तोड़ गोलियां दागते नजर आ रहे हैं. इस घटना के सिंगर गुलाब सिद्धू घर पर नहीं थे. बताया जाता है कि वो किसी गाने की शूटिंग के लिए विदेश गए हुए है. गुलाब सिद्धू के घर हुई फायरिंग का मामला सामने आने से बरनाला प्रशासन में हड़कंप मच गया है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.
पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर फायरिंग, देखें तस्वीरें

बरनाला स्थित गुलाब सिद्धू का घर, जहां बीती रात हुई फायरिंग.

पंजाबी सिंगर के घर के गेट पर गोली के दाग.

घटनास्थल पर छानबीन के लिए पहुंची पंजाब पुलिस की टीम.
पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर पर 3 अनजान लोगों ने फायरिंग की. पुलिस ने रविवार को बताया कि पंजाब के बरनाला ज़िले में पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर पर मोटरसाइकिल सवार तीन अनजान लोगों ने कथित तौर पर फायरिंग की. पुलिस ने यह भी कहा कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.
रात एक से दो बजे के बीच फायरिंग
स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार पर यह फायरिंग देर रात 1 बजे से 2 बजे के बीच की गई है. सिंगर के घर के ऊपर 7 से 8 राउंड फायर किए गए, हालांकि घर के किसी भी सदस्य के ऊपर गोली नहीं लगी. हमलावरों द्वारा जो फायरिंग की गई, वह गुलाब सिद्धू के घर के गेट के ऊपर लगी गोलियां. पुलिस जांच में लगी है.
कुछ समय पहले सिंगर गुलाब सिद्धू से मांगी गई थी फिरौती
बताया जाता है कि कुछ समय पहले गुलाब सिद्धू से कुछ बदमाशों ने फिरौती की मांग की थी. पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकियां भी दी थीं. इधर,एक गैंगस्टर डोनी बल का ऑडियो सामने आया है, जिसमें उसने गुलाब सिद्धू के घर पर गोलियां चलवाने की बात कही है. हालांकि पुलिस ने अभी इसकी कोई पुष्टि नहीं की है.
इनपुट- लवप्रीत सिंह बरनाला
यह भी पढ़ें - वेब सीरीज लॉरेंस ऑफ पंजाब पर बैन से बौखलाया गैंगस्टर, पंजाब के डीजीपी समेत इन लोगों के नाम जारी की धमकी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें