ब्रिक्स समिट LIVE: रूसी राष्ट्रपति पुतिन शिष्टमंडल के साथ दिल्ली पहुंचे; ब्राजील समेत कई देशों के मेहमान भी आए

दुनिया

ब्रिक्स समिट LIVE: रूसी राष्ट्रपति पुतिन शिष्टमंडल के साथ दिल्ली पहुंचे; ब्राजील समेत कई देशों के मेहमान भी आए

11 सितंबर 2026 को 10:23 am बजे
ब्रिक्स समिट LIVE: रूसी राष्ट्रपति पुतिन शिष्टमंडल के साथ दिल्ली पहुंचे; ब्राजील समेत कई देशों के मेहमान भी आए

Live

ब्रिक्स सम्मेलन: पुतिन समेत दिल्ली में जुटे कई देशों के दिग्गज, पीएम मोदी करेंगे ताबड़तोड़ द्विपक्षीय बैठकें

न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Fri, 11 Sep 2026 12:49 PM IST
खास बातें

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन LIVE: राजधानी नई दिल्ली के 'भारत मंडपम' में 12 और 13 सितंबर को आयोजित हो रहे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए वैश्विक नेताओं का आगमन जारी है। सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा और युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो समेत 21 देशों के प्रतिनिधि और शीर्ष नेता नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। इस महासम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूसी राष्ट्रपति पुतिन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और ईरानी राष्ट्रपति पेजेशकियन सहित कई शीर्ष नेताओं के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच नई दिल्ली इस ऐतिहासिक वैश्विक महाकुंभ की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। अपडेट्स अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें...

BRICS Summit 2026 LIVE Updates Russian Prez Putin Sergey Lavrov arrives India other nation delegation in Delhi
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स

लाइव अपडेट

12:46 PM, 11-Sep-2026

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन: पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू की उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठकों का पूरा कार्यक्रम


11 सितंबर (आज का कार्यक्रम)
  • व्लादिमीर पुतिन (राष्ट्रपति, रूस): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अहम द्विपक्षीय बैठक।
  • मसूद पेजेशकियन (राष्ट्रपति, ईरान): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय चर्चा।
  • एंटोनियो गुटेरेस (महासचिव, संयुक्त राष्ट्र): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वैश्विक मुद्दों पर वार्ता।

12 सितंबर (शनिवार)
  • अबी अहमद अली (प्रधानमंत्री, इथियोपिया): पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक।
  • अनवर इब्राहिम (प्रधानमंत्री, मलेशिया): पीएम मोदी के साथ वार्ता।
  • शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान (क्राउन प्रिंस, अबू धाबी): पीएम मोदी के साथ मुलाकात।
  • ले मिन्ह हुंग (प्रधानमंत्री, वियतनाम): पीएम मोदी के साथ बैठक।
  • मसूद पेजेशकियन (राष्ट्रपति, ईरान): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ शिष्टाचार मुलाकात।
  • शी जिनपिंग (राष्ट्रपति, चीन): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बहुप्रतीक्षित द्विपक्षीय वार्ता।

13 सितंबर (रविवार)
  • कासिम-जोमार्ट तोकायेव (राष्ट्रपति, कजाकिस्तान): पीएम मोदी के साथ बैठक।
  • फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर (राष्ट्रपति, फिलीपींस): पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय चर्चा।
  • अब्देल फतह अल-सीसी (राष्ट्रपति, मिस्र): पीएम मोदी के साथ वार्ता।
  • माटामेला सिरिल रामफोसा (राष्ट्रपति, दक्षिण अफ्रीका): पीएम मोदी के साथ उच्चस्तरीय बैठक।
  • एवरिस्टे नदायिशिमिये (राष्ट्रपति, बुरुंडी): पीएम मोदी के साथ मुलाकात।
  • कासिम शेट्टिमा (उपराष्ट्रपति, नाइजीरिया): पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत।
  • जेसिका अलुपो (उपराष्ट्रपति, युगांडा): पीएम मोदी के साथ बैठक।
12:09 PM, 11-Sep-2026

तेहरान से दिल्ली के लिए रवाना हुए ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, आज पीएम मोदी से होगी अहम द्विपक्षीय वार्ता

18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन तेहरान से नई दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। भारत आगमन के बाद राष्ट्रपति पेजेशकियन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस बैठक में दोनों नेताओं के बीच चाबहार पोर्ट परियोजना, क्षेत्रीय शांति, व्यापार विस्तार और पश्चिम एशिया में जारी तनाव समेत कई महत्वपूर्ण रणनीतिक और आर्थिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। भारत और ईरान के बीच लंबे समय से चले आ रहे ऐतिहासिक और बहुआयामी संबंधों को मजबूत करने के लिहाज से यह द्विपक्षीय वार्ता बेहद खास मानी जा रही है।
12:07 PM, 11-Sep-2026

शी जिनपिंग के भारत दौरे से मजबूत होंगे व्यापारिक संबंध, यू लू ने आर्थिक रिश्तों के भविष्य को बताया बेहद उज्ज्वल

18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के नई दिल्ली आगमन से ठीक पहले दोनों देशों के व्यापारिक दिग्गजों के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है। भारत-चीन आर्थिक संबंधों की संभावनाओं पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए 'चाइना चैंबर ऑफ कॉमर्स' की उपाध्यक्ष यू लू ने कहा कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग का यह दौरा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग को नई गति देने वाला एक बेहद रोमांचक क्षण है। भारत और चीन के आर्थिक संबंधों का भविष्य अत्यंत उज्ज्वल नजर आ रहा है। हमें पूरा भरोसा है कि शिखर सम्मेलन और राष्ट्रपति के इस दौरे के बाद दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियों और निवेश में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।" उल्लेखनीय है कि 12 और 13 सितंबर को आयोजित होने वाले इस सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच उच्चस्तरीय वार्ता संभावित है, जिससे दोनों देशों के व्यावसायिक माहौल को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
11:52 AM, 11-Sep-2026

ब्रिक्स समिट 2026: दक्षिण अफ्रीका, युगांडा और उरुग्वे से भारत पहुंचे विदेशी मेहमान, जोरदार स्वागत

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए शुक्रवार सुबह से ही विदेशी मेहमानों का भारत में आगमन शुरू हो गया है। शुक्रवार सुबह विदेश मंत्रालय ने दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, उरुग्वे के विदेश मंत्री मारियो लुबेटकिन और युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो का भारत पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया। 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट पर मेहमानों के आगमन की जानकारी साझा की। विदेश मंत्रालय ने पोस्ट में लिखा कि दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा का 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली में हार्दिक स्वागत है। हवाई अड्डे पर उनका स्वागत केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने किया।

मंत्रालय ने बताया कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच लंबे समय से मजबूत और दोस्ताना संबंध रहे हैं, जो हमारी रणनीतिक साझेदारी पर आधारित हैं। ब्रिक्स के साझेदार देशों के रूप में ग्लोबल साउथ के हितों को आगे बढ़ाने और उनके विकास के लिए मिलकर काम करने की हमारी प्रतिबद्धता मजबूत और अटूट है।
11:30 AM, 11-Sep-2026

यह भारत की बड़ी ताकत: शशि थरूर

शशि थरूर ने ब्रिक्स की अहमियत बताते हुए कहा कि सबसे पहले, हम ग्लोबल साउथ के लिए एक अहम मंच दे रहे हैं। आप जानते हैं, ग्लोबल साउथ में 100 से ज्यादा देश हैं, लेकिन यहां हमारे पास ग्लोबल साउथ के 11 मुख्य देश हैं जो मिलकर विचारों की विविधता और उन देशों की रेंज का प्रतिनिधित्व करते हैं जिनकी अध्यक्षता हम इस खास मौके पर कर रहे हैं। थरूर ने ब्रिक्स देशों की ताकत बताते हुए आगे कहा, 'यह ग्रुपिंग, यानी 11 ब्रिक्स देश, दुनिया की ज्यादातर आबादी और ग्लोबल जीडीपी के 41 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करते हैं।'

समिट की मेजबानी को प्रतिष्ठा का मामला बताते हुए थरूर ने कहा, 'इस इवेंट की ग्लोबल स्तर पर बहुत अहमियत है। यह कोई छोटी बात नहीं है। यह ऐसी चीज है जिसे बाकी दुनिया को बहुत गंभीरता से लेना चाहिए। थरूर ने आगे कहा कि दूसरी बात एक दर्जन राष्ट्राध्यक्षों और सरकारों के प्रमुखों का आना बड़ी बात है। न सिर्फ ब्रिक्स के सदस्य बल्कि कुछ ऑब्जर्वर भी राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री स्तर पर आ रहे हैं, यह हमारे लिए बहुत प्रतिष्ठा की बात है। यह एक खास तरह की कूटनीतिक रूप से सबको साथ लाने की क्षमता को दिखाता है, जिसकी ग्लोबल मंच पर अपनी अहमियत है।
10:22 AM, 11-Sep-2026

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा और युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अमुंगे अलुपो पहुंचीं नई दिल्ली

18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा और युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अमुंगे अलुपो नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। पालम वायु सेना स्टेशन और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर विदेश मंत्रालय और भारत सरकार के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने उनका पारंपरिक अंदाज और गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया। 12 और 13 सितंबर को दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने जा रहे इस महासम्मेलन में वैश्विक अर्थव्यवस्था, बहुपक्षीय सहयोग और ग्लोबल साउथ के हितों को बढ़ावा देने के लिए दुनिया भर के प्रमुख नेताओं और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडलों का भारत पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है।

09:41 AM, 11-Sep-2026

पूरी दुनिया की नजरें भारत-चीन सहयोग पर, चीनी पत्रकार ली जिंगजिंग ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग के दौरे को बताया अहम

18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भारत दौरे को चीनी पत्रकार और सीजीटीएन की रिपोर्टर ली जिंगजिंग ने बेहद महत्वपूर्ण करार दिया है। बदलती वैश्विक व्यवस्था के बीच भारत और चीन के संबंधों पर अपनी बात रखते हुए ली जिंगजिंग ने कहा कि पूरी दुनिया आज भारत और चीन के आपसी सहयोग की ओर देख रही है। इस बदलते वैश्विक परिवेश में दोनों देशों का एक साथ मिलकर काम करना बेहद महत्वपूर्ण है और यही वजह है कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग का यह सम्मेलन में शामिल होना बेहद खास माना जा रहा है। 

09:27 AM, 11-Sep-2026

नाइजीरिया की विदेश मंत्री बियांका ओडुमेगू ओजुक्वू पहुंचीं नई दिल्ली

18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नाइजीरिया की विदेश मामलों की राज्य मंत्री बियांका ओडुमेगू ओजुक्वू नई दिल्ली पहुंच गई हैं। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। 12 और 13 सितंबर को दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने जा रहे इस दो दिवसीय शिखर सम्मेलन के लिए वैश्विक नेताओं और विदेशी प्रतिनिधियों के भारत पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है।

08:45 AM, 11-Sep-2026

रूस-भारत संबंधों और वैश्विक शांति पर बोले सलमान खुर्शीद, कहा-विपक्षी दल को भी प्रक्रिया में रखना होता बेहतर  

18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान रूस की मौजूदगी और यूक्रेन व पश्चिम एशिया संघर्ष पर पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि रूस भारत का समय की कसौटी पर खरा उतरा मित्र देश रहा है। हम इस रिश्ते को सिर्फ उनसे मिलने वाले सस्ते ईंधन तक सीमित नहीं रख सकते। अब हम उन्हें भी जरूरत के समय पेट्रोल आदि की आपूर्ति कर रहे हैं, और हमारे यूरोपीय साझेदार भी इस बात को भली-भांति समझते हैं।

सलमान खुर्शीद ने भारत की कूटनीतिक भूमिका पर जोर देते हुए आगे कहा कि हमारा मानना है कि यूरोपीय और पश्चिम एशियाई संघर्ष को समाप्त करने के लिए भारत और अधिक प्रयास कर सकता था और भारत को रूस तथा यूक्रेन दोनों से सही प्रतिक्रियाएं भी मिली हैं। यह कोई केवल सरकार का मुद्दा नहीं बल्कि राष्ट्रीय मुद्दा है, क्योंकि सम्मेलन में पूरा भारत भाग ले रहा है। चूंकि विपक्ष भी देश की जनता का प्रतिनिधित्व करता है, ऐसे में सम्मेलन की तैयारियों या अनौपचारिक बैठकों के दौरान विपक्ष के नेता को भी साथ रखा जाता तो यह ज्यादा बेहतर होता। हालांकि मुझे नहीं लगता कि यह मौजूदा सरकार की शैली है, फिर भी देखते हैं आगे क्या परिणाम निकलकर आते हैं।
08:43 AM, 11-Sep-2026

संसद में जुटेंगे केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री, जनता को ट्रैफिक जाम से बचाने के लिए एक ही बस से पहुंचेंगे भारत मंडपम

18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान राजधानी दिल्ली में आम जनता को वीआईपी मूवमेंट और ट्रैफिक जाम की समस्या से बचाने के लिए एक अनोखी पहल की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, सम्मेलन में शामिल होने वाले देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार के मंत्री अलग-अलग गाड़ियों के काफिले में जाने के बजाय एक ही बस में सवार होकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। योजना के मुताबिक, सभी नेता पहले संसद भवन परिसर में एकत्रित होंगे और फिर वहां से एक साथ बस में सवार होकर मुख्य आयोजन स्थल 'भारत मंडपम' के लिए रवाना होंगे। सरकार का यह कदम शहर में वीआईपी काफिलों की आवाजाही को सीमित करने, यातायात को सुचारू बनाए रखने और आम लोगों को होने वाली असुविधा को न्यूनतम करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

Load More