किश्तवाड़ से कुलगाम तक सुरक्षाबलों का एक्शन, आतंक को कुचलने का मिशन शुरू
किश्तवाड़ से कुलगाम तक सुरक्षाबलों का एक्शन, आतंक को कुचलने का मिशन शुरू

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF पोस्ट पर बुधवार को हुए आतंकी हमले में तीन जवान घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है. कल हुए हमले को अंजाम देने वाले आतंकियों का पता लगाने के लिए दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.
सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि इस हमले के पीछे प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट का हाथ शामिल है. अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, इस हमले में तीन आतंकी शामिल थे. इनमें से दो आतंकियों के फॉरेन टेररिस्ट होने का शक है.
सुरक्षाबल सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रहे हैं. CCTV कैमरों से जांच एजेसियों को कई अहम इनपुट मिले हैं. जांच एजेंसियों को लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी नेटवर्क पर शक है. लश्कर के 3 संदिग्ध ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGW) से पूछताछ जारी है. इस हमले में हमले में स्थानीय OGW की रेकी, उन्हें कहां पनाह मिली और कहां से उन्हें लॉजिस्टिक मदद मिली, इन सबकी जांच की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियों को दिवाली के आसपास संभावित हमले को लेकर पहले से सामान्य इनपुट मिले थे.
सर्दियां शुरू होने से पहले ऊंचाई वाले इलाकों से आतंकियों के निचले क्षेत्रों में आने की आशंका है. इनमें ज्यादातर लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े पाकिस्तानी आतंकी बताए जा रहे हैं.
लतीफ भट की अगर बात करें तो वह कैटेगरी A का लश्कर कमांडर है. वह पहले से ही सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल रहा है. हालांकि, इस मामले की अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. इसमें आतंकियों की नई घुसपैठ और किसी नए स्लीपर टेरर मॉड्यूल के सक्रिय होने की आशंका भी शामिल है.
यह भी पढ़ें: 'हम तुम्हें छोड़ेंगे नहीं...' कुलगाम हमले से पहले 10वीं के लड़के ने दी थी धमकी, अब खोज रहे सुरक्षाबल
जांच एजेंसियों को शक है कि यह मॉड्यूल पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में बैठे अपने आकाओं के निर्देश पर सक्रिय हुआ हो सकता है. इस साल हुई दो बड़ी आतंकी घटनाओं की पहले से ही जांच जारी है. 22 जुलाई को अनंतनाग में एक पुलिसकर्मी की हत्या और 31 जुलाई को कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या के मामले में लतीफ भट सीधे तौर पर शामिल था.
अब इस मामले में भी सुरक्षा एजेंसियां भट की सीधी संलिप्तता साबित करने की कोशिश कर रही हैं. साथ ही, हाल ही में मिली खुफिया जानकारी की भी जांच की जा रही है. इसके मुताबिक, कुपवाड़ा और गुरेज के पास LoC से कुछ नए आतंकवादी घुसपैठ कर सकते हैं. आशंका जताई जा रही है कि ये आतंकवादी दक्षिण कश्मीर के जंगलों तक पहुंच गए होंगे. सुरक्षा एजेंसियों ने सभी संभावनाओं को देखते हुए जांच तेज कर रही है.
बुधवार दोपहर भारी हथियारों से लैस दो आतंकियों ने CRPF पोस्ट पर गोलीबारी की थी. इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे. इनमें से एक की हालत गंभीर है. जानकारी के मुताबिक, हमलावर पास के जंगली इलाके से पैदल आए थे और नौपुर की तरफ भागे थे. फिलहाल सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है. जांच एजेंसियां हमलावरों की गतिविधियों का पता लगाने के लिए आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं.
किश्तवाड़ में बुधवार को लापता हुए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव दच्छन इलाके से बरामद किए गए हैं. अपहरण और हत्या में शामिल आतंकवादियों का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें: किश्तवाड़ के जंगल में मिले दो लापता SPOs के शव, आतंकियों ने गोलियों से छलनी की बॉडी
बुधवार को किश्तवाड़ जिले के दच्छन इलाके के ऊंचे पहाड़ी और जंगली क्षेत्रों से दोनों पुलिस अफसर लापता हुए थे. उनकी तलाशी के लिए बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया गया था. अधिकारियों ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए जंगली इलाकों और दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर ड्रोन और स्निफर कुत्तों से लैस विशेष टीमें तलाशी अभियान में जुटी थी.
किश्तवाड़ में अपरहरण और हत्या की वारदात में शामिल आतंकियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है. गुरुवार को तलाशी के दौरान दच्छन के जंगलों से दोनों SPOs के शव बरामद किए गए. सूत्रों के मुताबिक, दोनों के शव उस जगह से करीब 2 किलोमीटर दूर मिले जहां से वे लापता हुए थे. दोनों SPOs के शरीर पर गोलियों के कई निशान पाए गए.
जम्मू-कश्मीर का किश्तवाड़ आतंकवाद विरोधी अभियानों का केंद्र बना रहा है. यहां लगातार चलाए गए आतंकवाद विरोधी अभियानों के चलते कई सक्रिय आतंकवादी मारे गए हैं. आंकड़ों के मुताबिक, साल 2026 में आतंकवाद से जुड़ी घटना में कुल 5 लोग मारे गए, जिनमें चार आतंकी और एक जवान शामिल था.
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें