वैभव पर सवाल उठाने वालों पर भड़के ब्रेट ली, कहा- ये लड़का कमाल है

खेल

वैभव पर सवाल उठाने वालों पर भड़के ब्रेट ली, कहा- ये लड़का कमाल है

09 अगस्त 2026 को 11:19 am बजे
वैभव पर सवाल उठाने वालों पर भड़के ब्रेट ली, कहा- ये लड़का कमाल है

भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल की उम्र में अपने खेल से दुनिया के कई दिग्गजों को प्रभावित किया है. अब ऑस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज ब्रेट ली भी उनकी बल्लेबाजी के मुरीद हो गए हैं. ली ने वैभव की उम्र को लेकर चलने वाली बहस को गैरजरूरी बताया. ली ने कहा कि यह मायने नहीं रखता कि वह 15, 17 या 18 साल के हैं. असली बात यह है कि इस युवा खिलाड़ी में क्रिकेट खेलने की जबरदस्त काबिलियत है.

ब्रेट ली ने वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी, तेज गेंदबाजों के खिलाफ उनके आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती की तारीफ की. साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि अपने दौर में अगर उन्हें वैभव के खिलाफ गेंदबाजी करनी पड़ती तो वह किस रणनीति के साथ उतरते. BeerBiceps यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान ली ने कहा कि भारत के बाहर वैभव की उम्र को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा होती है. हालांकि पूर्व ऑस्ट्रेलियाई पेसर इससे प्रभावित नहीं हैं.

उम्र से क्या फर्क पड़ता है: ब्रेट ली ब्रेट ली ने कहा, 'वह अविश्वसनीय है. भारत के बाहर हर कोई पूछता है कि क्या वह सच में 15 साल का है. मुझे फर्क नहीं पड़ता कि उसकी उम्र कितनी है. अगर वह 15 का है तो शानदार, अगर 17 या 18 का है तो भी क्या फर्क पड़ता है? यह लड़का क्रिकेट खेलना जानता है.' उन्होंने वैभव को भारतीय क्रिकेट की शानदार खोज बताते हुए भविष्य में उनसे और बड़ी उपलब्धियों की उम्मीद जताई.

IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में वैभव ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से अलग पहचान बनाई. तेज रफ्तार गेंदबाजी भी उनके खेलने के अंदाज को नहीं बदल सकी. ब्रेट ली खास तौर पर सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ उनकी 97 रनों की इनिंग्स से प्रभावित नजर आए. ली ने कहा कि उस मुकाबले में तेज गेंदबाज पूरी रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन वैभव शॉर्ट गेंदों को भी बेखौफ होकर खेल रहे थे. उनके मुताबिक, युवा बल्लेबाज सिर्फ ताकत के भरोसे नहीं खेलता, बल्कि सही क्रिकेटिंग शॉट्स के साथ तेजी से रन बनाता है.

ली के मुताबिक वैभव के सामने भविष्य की सबसे बड़ी चुनौती उनकी बल्लेबाजी या फॉर्म नहीं होगी. बल्कि असली परीक्षा इतनी कम उम्र में मिलने वाली शोहरत और उम्मीदों को संभालने की होगी. उन्होंने कहा, 'समस्या उसकी फॉर्म या बल्लेबाजी नहीं होगी, यह सिर्फ उसके दिमाग की बात होगी. उसे अभी बच्चा भी रहने देना चाहिए. उसे बच्चा रहने दें और उस पर बहुत ज्यादा दबाव ना डालें.'

आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टी20 टीम में जगह मिली. इंग्लैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली, लेकिन जिम्बाब्वे दौरे पर उन्होंने शानदार वापसी की और 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' बने.

ब्रेट ली वैभव के लिए क्या प्लान बनाते? अपनी रफ्तार और बाउंसर से दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों को परेशान करने वाले ली से यह भी पूछा गया कि वह वैभव के खिलाफ किस तरह गेंदबाजी करते. पूर्व ऑस्ट्रेलियाई पेसर ने बताया कि उन्हें उन बल्लेबाजों से मुकाबला करना पसंद था जो हुक और पुल अच्छे से खेलते थे. ऐसे बल्लेबाज उनके लिए चुनौती को और रोमांचक बना देते थे.

ली ने कहा कि वह वैभव की बल्लेबाजी का पहले विश्लेषण करते और फिर शरीर को निशाना बनाकर बाउंसर डालते. अगर वैभव उस गेंद को हुक करके छक्का भी लगा देते तो वह पीछे नहीं हटते और अगली बार फिर शॉर्ट गेंद से उनकी परीक्षा लेते.

शेयर करें
हिंदी खबर नेटवर्क पर पढ़ें ताज़ा हिंदी समाचार।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Hyderabad News: 58 हजार करोड़ से बदलेगी मूसी नदी की सूरत, लंदन की टेम्स की तर्ज पर बनेगा रिवरफ्रंट

बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: पहले दिन 100 करोड़ पार 'टॉक्सिक', शाहरुख और रणवीर सिंह की इन फिल्मों का तोड़ डाला रिकॉर्ड

Toxic Box Office Collection Day 1: यश की टॉक्सिक ने पहले दिन कमाए 140 करोड़, जवान और एनिमल को छोड़ा पीछे