IPL में 2 साल का बैन, पर नहीं छूटा मोह... इस क्रिकेटर के बदले सुर

खेल

IPL में 2 साल का बैन, पर नहीं छूटा मोह... इस क्रिकेटर के बदले सुर

14 अगस्त 2026 को 08:50 am बजे
IPL में 2 साल का बैन, पर नहीं छूटा मोह... इस क्रिकेटर के बदले सुर

इंग्लैंड की वनडे और टी20 टीम के कप्तान हैरी ब्रूक इस समय इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से दो साल का बैन झेल रहे हैं. दिल्ली कैपिटल्स (DC) की ओर से आईपीएल 2025 के लिए खरीदे जाने के बावजूद उन्होंने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया था. नए नियम के तहत ब्रूक को दो सीजन के लिए आईपीएल और उसके ऑक्शन से प्रतिबंधित कर दिया गया. हालांकि इंग्लिश बल्लेबाज ने साफ कर दिया है कि आईपीएल को लेकर उनके दरवाजे बंद नहीं हुए हैं और भविष्य में वह इस टूर्नामेंट में वापसी के बारे में जरूर सोचेंगे.

हैरी ब्रूक अब 2028 के आईपीएल ऑक्शन में दोबारा उतरने के पात्र होंगे. उन्होंने आईपीएल को शानदार प्रतियोगिता बताते हुए कहा कि यहां खेलने से खिलाड़ी पहले से बेहतर बनकर लौटता है. दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 के ऑक्शन में ब्रूक पर 6.25 करोड़ रुपये खर्च किए थे. उन्होंने टूर्नामेंट से हटने के पीछे इंग्लैंड क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रम को प्रमुख वजह बताया था. ब्रूक का कहना था कि उन्हें लगातार क्रिकेट खेलने के बाद खुद को रिचार्ज करने की जरूरत है और वह इंग्लैंड के आगामी मुकाबलों की तैयारी पर पूरा ध्यान देना चाहते हैं.

क्रिकइंफो से बातचीत में हैरी ब्रूक से पूछा गया कि क्या वह प्रतिबंध खत्म होने के बाद आईपीएल में दोबारा खेलने पर विचार करेंगे. इंग्लिश बल्लेबाज ने इसका सकारात्मक जवाब दिया. ब्रूक ने कहा, 'हां, बिल्कुल. आईपीएल शानदार प्रतियोगिता है और वहां खेलने का अनुभव भी बेहतरीन होता है. आप वहां जाते हैं और एक बेहतर खिलाड़ी बनकर लौटते हैं. यह ऐसी प्रतियोगिता है जिसका हिस्सा बनना शानदार है. भविष्य में मैं निश्चित रूप से इसके बारे में सोचूंगा.'

IPL के इस नियम की जद में आए ब्रूक आईपीएल ने ऑक्शन में खरीदे जाने के बाद खिलाड़ियों के अचानक हटने पर रोक लगाने के लिए नियम सख्त किए थे. नए नियम के मुताबिक ऑक्शन के लिए रजिस्टर करने और किसी फ्रेंचाइजी द्वारा चुने जाने के बाद यदि कोई खिलाड़ी सीजन शुरू होने से पहले खुद को अनुपलब्ध कराता है, तो उसे अगले दो सीजन और प्लेयर ऑक्शन से प्रतिबंधित किया जाएगा. ब्रूक इसी नियम की चपेट में आए. इसके चलते वह बैन की अवधि के दौरान आईपीएल ऑक्शन में भी हिस्सा नहीं ले सकते.

तब हैरी ब्रूक ने माना था कि दिल्ली कैपिटल्स को इससे परेशानी हुई और उन्होंने फ्रेंचाइजी के साथ-साथ फैन्स से माफी मांगी थी. उन्होंने लिखा था, 'मैंने आगामी आईपीएल से हटने का बेहद मुश्किल फैसला किया है. मैं दिल्ली कैपिटल्स और उसके प्रशंसको से बिना किसी शर्त के माफी मांगता हूं.' ब्रूक ने अपने फैसले को इंग्लैंड क्रिकेट से जोड़ते हुए कहा था कि उनके लिए देश की तरफ से खेलना प्राथमिकता है और वह आने वाली सीरीज के लिए खुद को पूरी तरह तैयार करना चाहते थे.

हैरी ब्रूक लगातार दूसरी बार आईपीएल से हटे थे. 2024 में उन्होंने अपनी दादी के निधन के बाद टूर्नामेंट में नहीं खेलने का फैसला किया था. लेकिन 2025 में मामला अलग था, जहां ऑक्शन में खरीदे जाने के बावजूद उन्होंने अपने वर्कलोड और इंग्लिश टीम की प्रतिबद्धताओं के कारण नाम वापस लिया. इस फैसले के बाद आईपीएल के नए नियम के तहत उन पर कार्रवाई हुई.

शेयर करें
हिंदी खबर नेटवर्क पर पढ़ें ताज़ा हिंदी समाचार।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Hyderabad News: 58 हजार करोड़ से बदलेगी मूसी नदी की सूरत, लंदन की टेम्स की तर्ज पर बनेगा रिवरफ्रंट

बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: पहले दिन 100 करोड़ पार 'टॉक्सिक', शाहरुख और रणवीर सिंह की इन फिल्मों का तोड़ डाला रिकॉर्ड

Toxic Box Office Collection Day 1: यश की टॉक्सिक ने पहले दिन कमाए 140 करोड़, जवान और एनिमल को छोड़ा पीछे