50 के बाद रोज कौन सा फल खाना चाहिए? डॉक्टर ने बताया सभी फलों में से बेस्ट है ये 1 फ्रूट
50 के बाद रोज कौन सा फल खाना चाहिए? डॉक्टर ने बताया सभी फलों में से बेस्ट है ये 1 फ्रूट

बढ़ती उम्र के साथ मेटाबॉलिज्म धीमा होने के साथ-साथ हड्डियां कमजोर, हार्ट और पाचन से जुड़ी कई तरह की दिक्कतें होने लगती हैं. ऐसे में सही खानपान होना बहुत ही जरूरी है. डॉक्टर बताते हैं कि अक्सर पूछा जाता है कि आखिर ऐसा कौन सा फल है, जिसे 50 की उम्र के बाद रोज खाने से सबसे ज्यादा फायदा मिल सकता है?
यशोदा हॉस्पिटल्स के सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन, डायबिटोलॉजिस्ट और क्लिनिकल डायरेक्टर डॉ. सोमनाथ गुप्ता का कहना है कि कोई एक फल ऐसा नहीं है, जिसे मेजिकल फ्रूट कहा जा सके, लेकिन बेरीज जैसे- ब्लूबेरी और स्ट्रॉबेरी, बढ़ती उम्र में रोजाना खाने के लिए एक अच्छा ऑप्शन होता है. इससे शरीर को काफी फायदे होते हैं.
50 साल के बाद कोई एक सुपरफूड या सुपरफ्रूट आपकी सभी स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान नहीं कर सकता. हालांकि, ब्लूबेरी और स्ट्रॉबेरी जैसी बेरीज में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स दिमाग और शरीर की सेहत के लिए फायदेमंद माने जाते हैं. सबसे जरूरी बात ये है कि लोग अलग-अलग रंगों के फलों को अपनी डाइट में शामिल करें ताकि शरीर को विभिन्न पोषक तत्व मिल सकें.
क्यों फायदेमंद हैं बेरीज?
डॉक्टर कहते हैं बेरीज में एंथोसायनिन्स नाम के शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं. ये शरीर में सूजन को कम करने में मदद करते हैं और दिमाग की सेहत को बेहतर बनाए रखने में योगदान दे सकते हैं. बढ़ती उम्र के साथ याददाश्त और संज्ञानात्मक क्षमता से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ता है, ऐसे में बेरीज खाना बढ़ती उम्र के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है.
हालांकि, डॉक्टर ये भी मानते हैं कि सिर्फ एक ही फल पर निर्भर रहना सही नहीं है. शरीर को अलग-अलग पोषक तत्व देने के लिए पूरे सप्ताह अलग-अलग रंगों का फल खाना चाहिए, ताकि शरीर को सभी तरह के पोषक तत्व मिल सकें.
यहां जानते हैं बेरीज के अलावा कुछ अन्य ऑप्शन भी-
सेब भी है अच्छा विकल्प
डॉक्टर सोमनाथ का कहना है कि अगर आप बढ़ती उम्र के साथ सेब का सेवन करते हैं, तो आपका पाचन बेहतर हो सकता है. दरअसल, सेब में पेक्टिन नामक फाइबर पाया जाता है, जो पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है. इसके अलावा यह कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल रखने में भी सहायक हो सकता है.
केला हार्ट को रखे हेल्दी
अगर आप अपने हार्ट हेल्थ को बेहतर करना चाहते हैं, तो केले का सेवन करें. केला में भरपूर रूप से पोटैशियम पाया जाता है, जो ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखने और हार्ट हेल्थ को बेहतर बनाए रखने में मददगार हो सकता है. अगर किसी व्यक्ति को किडनी से जुड़ी समस्या नहीं है, तो केला रोजाना के आहार का हिस्सा बन सकता है.
संतरा बढ़ाता है इम्यूनिटी
50 के बाद आप संतरा भी खा सकते हैं. ये विटामिन सी का अच्छा सोर्स होता है. नियमित रूप से संतरा खाने से आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर हो सकती है. साथ ही स्किन और हड्डियों के लिए फायदेमंद हो सकता है.
कीवी भी है पोषक तत्वों का खजाना
कीवी में विटामिन सी, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर रूप से पाए जाते हैं. ये पाचन तंत्र, गट हेल्थ और इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाए रखने में फायदेमंद हो सकते हैं.
कितना कितना फल खाना चाहिए?
रोजाना 1 से 2 सर्विंग्स साबुत फल खाने की कोशिश करें. बेहतर होगा कि इन्हें प्रोटीन या हेल्दी फैट्स के साथ खाया जाए, ताकि शरीर में एनर्जी लंबे समय तक बनी रहे. फलों का जूस पीने के बजाय पूरा फल खाना ज्यादा फायदेमंद होता है.
ये भी पढ़ें - फोड़े-फुंसी हटाने के लिए कौन सा फल खाएं? 5 फ्रूट्स, जिनसे त्वचा हो सकती है साफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें