विनीत मिनोचा मर्डर: बेटे ने हत्या की बात कबूली, पत्नी को बताया बेगुनाह!
विनीत मिनोचा मर्डर: बेटे ने हत्या की बात कबूली, पत्नी को बताया बेगुनाह!

कानपुर के कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में आरोपियों के रिमांड के बाद पूछताछ में एक के बाद एक नए तथ्य सामने आने का दावा किया जा रहा है. पुलिस ने कल्याणपुर थाने में सुब्रत, उसकी पत्नी शालू और नौकर विशाल से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान सुब्रत ने कथित तौर पर अपने पिता विनीत मिनोचा की हत्या की जिम्मेदारी ली और पत्नी शालू की घटना में किसी भूमिका से इनकार किया. हालांकि, पुलिस ने अभी शालू को क्लीन चिट नहीं दी है और मामले में उसकी भूमिका की जांच जारी है.
पुलिस ने सुब्रत और उसकी पत्नी शालू को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की. इस दौरान सुब्रत को सामने देखते ही शालू भावुक हो गई और रोने लगी. पूछताछ के दौरान शालू करीब 20 मिनट तक रोती रही. वहीं, पुलिस के मुताबिक सुब्रत ने उससे ज्यादा बातचीत नहीं की और कुछ देर बाद अपना मुंह दूसरी ओर कर लिया.
पूछताछ में शालू लगातार यही कहती रही कि उसे नहीं पता कि विनीत मिनोचा की हत्या किसने की, लेकिन उसने हत्या नहीं की. बताया जा रहा है कि शुरुआती पूछताछ के दौरान सुब्रत लगातार शालू को ही जिम्मेदार ठहराता रहा था. वह हत्या के लिए शालू पर आरोप लगाता रहा. हालांकि, बाद की पूछताछ में सुब्रत ने कथित तौर पर अपना बयान बदलते हुए हत्या की जिम्मेदारी खुद लेने की बात कही.
बताया जा रहा है कि जब सुब्रत को यकीन हो गया कि अब उसकी गिरफ्तारी तय है और उसे जेल जाना पड़ेगा, तब करीब सुबह 4 बजे उसने आखिरकार हत्या की बात कबूल कर ली.
पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि पहले दिन उसे लगा था कि पुलिस उसे तुरंत गिरफ्तार कर लेगी. लेकिन जब उसे पता चला कि विशाल ने अपने बयान में उसका नाम नहीं लिया है, तो वह खुद भी असमंजस में पड़ गया.
सुब्रत ने यह भी कहा कि उसे इस बात का गिल्ट था कि उसकी वजह से शालू इस मामले में फंस गई है. इसी वजह से बाद की पूछताछ में उसने हत्या की जिम्मेदारी खुद लेने की बात कही.
सुब्रत ने नौकर विशाल के आरोपों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उसे नहीं पता कि विशाल ऐसा बयान क्यों दे रहा है. विशाल ने बदला बयान, कहा- 'भैया ने कहा था, पकड़े जाओ तो भाभी का नाम ले लेना.'
पूछताछ के दौरान नौकर विशाल के बयान में भी बदलाव सामने आने की बात कही जा रही है. विशाल ने पुलिस को कथित तौर पर बताया कि सुब्रत ने उससे कहा था कि अगर वे पकड़े जाएं तो शालू का नाम ले लेना.
विशाल के मुताबिक, हत्या से पहले सुब्रत ने उसे फोन कर वारदात को इस तरह अंजाम देने की बात कही थी कि मामला हत्या के बजाय प्राकृतिक मौत जैसा लगे. विशाल ने यह भी दावा किया कि हत्या वाले दिन सुब्रत ने उसे करीब छह बार फोन किया था और वह जल्दबाजी में बात कर रहा था.
विशाल ने पुलिस को बताया कि वारदात के दौरान विनीत मिनोचा ने दोनों को देख लिया था और शोर मचाने लगे थे. विशाल के मुताबिक, इसी दौरान डर के कारण उसने चाकू से विनीत पर हमला कर दिया.
विशाल ने पूछताछ में हत्या के पीछे एक अन्य वजह का भी दावा.किया है. उसके मुताबिक, विनीत मिनोचा के कुछ महिलाओं से कथित अवैध संबंध थे और वह उन पर लाखों रुपये खर्च करते थे.
विशाल का दावा है कि दूसरी ओर सुब्रत को सीमित खर्च के लिए पैसे मिलते थे. उसे आशंका थी कि कहीं विनीत अपनी संपत्ति किसी महिला के नाम न कर दें. पुलिस अब इस दावे की भी जांच कर रही है कि क्या संपत्ति और आर्थिक कारण हत्या की साजिश से जुड़े थे.
पूछताछ में सुब्रत द्वारा कथित तौर पर हत्या की जिम्मेदारी स्वीकार करने और विशाल द्वारा शालू की भूमिका से इनकार किए जाने के बावजूद पुलिस ने फिलहाल शालू को क्लीन चिट नहीं दी है.
पुलिस सभी आरोपियों के बयानों का मिलान कर रही है और घटनाक्रम, कॉल डिटेल, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों तथा अन्य उपलब्ध सबूतों की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस की जांच जारी है. आरोपियों के बयानों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना बाकी है.
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें